धमतरी।पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन धमतरी में रक्षित निरीक्षक के नेतृत्व में विस्तृत बलवा ड्रिल का आयोजन किया गया।ड्रिल का मुख्य उद्देश्य बल को दंगा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वित कार्यवाही तथा आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के प्रभावी उपयोग के संबंध में व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना रहा।
*पार्टीवार कार्यवाही का विवरण -:*
*प्रथम पार्टी – समझाइश एवं भीड़ नियंत्रण दल*
प्रथम पार्टी द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर भीड़ को समझाइश देने, माइक/घोषणा प्रणाली के माध्यम से शांतिपूर्ण तरीके से तितर-बितर होने की चेतावनी देने तथा प्रारंभिक स्तर पर स्थिति को नियंत्रित करने की कार्यवाही का अभ्यास किया गया।
*द्वितीय पार्टी – दंगा नियंत्रण एवं शील्ड फॉर्मेशन दल*
द्वितीय पार्टी द्वारा दंगा नियंत्रण उपकरणों (हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, शील्ड, लाठी आदि) के साथ फॉर्मेशन बनाकर आगे बढ़ने, पत्थरबाजी/उग्र भीड़ की स्थिति में स्वयं की सुरक्षा करते हुए नियंत्रित लाठीचार्ज की कार्यवाही का अभ्यास किया गया।
*तृतीय पार्टी – आंसू गैस/विशेष उपकरण दल*
तृतीय पार्टी द्वारा आवश्यकता पड़ने पर आंसू गैस छोड़ने, भीड़ को तितर-बितर करने तथा न्यूनतम बल प्रयोग की रणनीति का प्रदर्शन किया गया।
*चतुर्थ पार्टी – गिरफ्तारी एवं निरोधात्मक कार्यवाही दल*
चतुर्थ पार्टी द्वारा उपद्रवियों की पहचान कर सुरक्षित तरीके से गिरफ्तारी, हिरासत में लेने एवं सुरक्षित स्थान पर ले जाने की कार्यवाही का अभ्यास किया गया।
*आरक्षित एवं चिकित्सा सहायता दल*
आरक्षित बल को बैकअप के रूप में तैनात रखा गया तथा घायल पुलिस बल/नागरिकों को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने की कार्यवाही का अभ्यास कराया गया।
ड्रिल के दौरान अधिकारियों द्वारा फॉर्मेशन, कमांड एंड कंट्रोल, वायरलेस समन्वय, सुरक्षा मानकों एवं बल प्रयोग की वैधानिक सीमाओं पर विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया गया। संपूर्ण अभ्यास अनुशासित, समन्वित एवं योजनाबद्ध तरीके से संपन्न हुआ।
धमतरी पुलिस द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के नियमित प्रशिक्षण, अभ्यास एवं सुदृढ़ीकरण कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि पुलिस बल की कार्यकुशलता, तत्परता एवं समन्वय क्षमता में निरंतर वृद्धि हो तथा जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था प्रभावी रूप से बनाए रखी जा सके।
उक्त बलवा ड्रिल में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धमतरी, सीएसपी धमतरी, एसडीओपी कुरुद, डीएसपी मुख्यालय, डीएसपी यातायात, डीएसपी एसजेपीयू, एसडीओपी नगरी सहित समस्त थाना/चौकी प्रभारी एवं अन्य अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित रहे।





0 टिप्पणियाँ