Bhupendra Sahu
धमतरी। शासकीय नवीन महाविद्यालय आमदी में आयोजित वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान उस समय जमकर हंगामा हो गया, जब कार्यक्रम के आमंत्रण कार्ड में क्षेत्रीय विधायक ओंकार साहू का नाम नहीं होने पर विवाद खड़ा हो गया।
बताया जा रहा है कि वार्षिक उत्सव समारोह के आमंत्रण पत्र में विधायक का नाम न होने से नगर पंचायत आमदी के कांग्रेसी पार्षदों एवं विधायक समर्थकों ने कड़ा विरोध जताया। विरोध के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज के मुख्य गेट में ताला लगा दिया, जिससे कॉलेज परिसर के अंदर मौजूद छात्र-छात्राएं कुछ समय के लिए बंद हो गए।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आमदी नगर पंचायत विधायक ओंकार साहू का गृहग्राम है और ऐसे में शासकीय कॉलेज के महत्वपूर्ण आयोजन के आमंत्रण पत्र में उनका नाम नहीं होना अपमानजनक है। इसी बात को लेकर आक्रोशित होकर समर्थकों ने मोर्चा खोल दिया।
स्थिति की जानकारी मिलते ही अर्जुनी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस व प्रशासन द्वारा प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया, ताकि स्थिति को सामान्य किया जा सके और छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। थोड़ी देर बाद कार्यक्रम प्रारंभ हुआ फिर भी प्रदर्शनकारी बैठे रहे इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा थे और अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति साहू ने की।
नगर पंचायत आमदी नेता प्रतिपक्ष ऋषभ ठाकुर ने बताया कि मुख्य कार्यक्रम शुभारंभ में जो कार्ड छपाया गया है उसमें विधायक का नाम ही नहीं है।जबकि प्रिंसिपल ने उनको बताया कि समापन के लिए विधायक को अतिथि बनाया गया है।ऋषभ ने कहा कि इसके लिए सिर्फ दो ही कार्ड छपवाए हैं जिसमें एक विधायक को दिया गया एक अन्य को दिया गया। इस कार्यक्रम का पूरी तरह से भाजपाईकरण किया गया है इस वजह से विरोध जताया गया।




0 टिप्पणियाँ