महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष,एसपी ने दिखाई हरी झंडी 

जिले के 10 थाना क्षेत्रों में अब मिलेगी तेज त्वरित पुलिस सहायता

धमतरी।पुलिस लाईन रूद्री, धमतरी में आयोजित औपचारिक कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार, महापौर रामू रोहरा एवं जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा ने हरी झंडी दिखाकर हाईटेक डायल-112 एवं ईआरवी (Emergency Response Vehicle) वाहनों को जिले के निर्धारित थाना क्षेत्रों हेतु रवाना किया।

जिले को प्राप्त कुल 12 नवीन हाईटेक डायल-112 ईआरवी वाहनों के संचालन, रिस्पांस सिस्टम, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्यवाही, घटनास्थल तक शीघ्र पहुंच, तकनीकी समन्वय एवं आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

जिले के 10 थाना क्षेत्रों एवं एक डायल 112 आफिस में ये ईआरवी वाहन 24 घंटे सक्रिय रूप से तैनात रहेंगे, जिससे सड़क दुर्घटना, महिला संबंधी अपराध, विवाद, मारपीट, आपराधिक घटनाओं एवं अन्य आपात परिस्थितियों में नागरिकों को तत्काल एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।शहर क्षेत्रों में मात्र 10 मिनट एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर पुलिस रिस्पांस सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।


* पुलिस अधीक्षक  सूरज सिंह परिहार ने बताया कि “डायल-112 एवं ईआरवी सेवा आम नागरिकों की सुरक्षा, विश्वास एवं त्वरित राहत का सबसे सशक्त माध्यम है। प्रत्येक सूचना पर संवेदनशीलता, तत्परता एवं प्रोफेशनल तरीके से कार्य करते हुए न्यूनतम समय में पीड़ितों तक सहायता पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”उन्होंने कहा कि हाईटेक डायल-112 ईआरवी सेवा से जिले की पुलिसिंग और अधिक आधुनिक, तकनीक आधारित एवं प्रभावी बनेगी। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों एवं प्रमुख मार्गों पर तैनात ये अत्याधुनिक वाहन GPS ट्रैकिंग, PTZ कैमरा, डैश कैमरा एवं मोबाइल डेटा टर्मिनल जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं, जिससे घटनास्थल तक त्वरित पहुंच, बेहतर मॉनिटरिंग एवं प्रभावी पुलिस रिस्पांस सुनिश्चित किया जा सकेगा। 


▪️ महापौर रामू रोहरा ने अपने संबोधन में कहा कि “आधुनिक तकनीक से सुसज्जित डायल-112 सेवा निश्चित रूप से आमजन को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा जनता और पुलिस के बीच विश्वास को और मजबूत करेगी।”

▪️ जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा ने कहा कि“ग्रामीण क्षेत्रों में समयबद्ध पुलिस सहायता उपलब्ध होना अत्यंत आवश्यक है। डायल-112 ईआरवी वाहनों के माध्यम से अब दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को भी तेजी से सहायता मिल सकेगी।”

कार्यक्रम के दौरान डायल-112 एवं ईआरवी कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में संयमित व्यवहार, प्रभावी संवाद शैली, टीमवर्क, आधुनिक तकनीकी उपकरणों के उपयोग, वायरलेस समन्वय, रिस्पांस टाइम कम करने एवं कानून व्यवस्था संबंधी परिस्थितियों में त्वरित निर्णय क्षमता विकसित करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।


कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालनअधिकारी जिला पंचायत धमतरी गजेन्द्र सिंह ठाकुर,आयुक्त प्रिया गोयल, नगर पंचायत भखारा अध्यक्ष ज्योति हरख जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय,सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी मीना साहू, एसडीओपी नगरी विपिन रंगारी,रक्षित निरीक्षक श्री दीपक शर्मा,सभी थाना प्रभारी, समाजसेवीगण,चेंबर्स ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी, रोटरी क्लब,लायंस क्लब, लाइनेस क्लब के प्रतिनिधि,पार्षद,बीजेएस, पुलिस पेंशनर्स, रिटायर्ड फौजी, रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारी, डायल-112 प्रभारी निरीक्षक गायत्री सिन्हा,यातायात प्रभारी, एमटीओ सहित डायल-112 एवं ईआरवी के समस्त अधिकारी, कर्मचारी एवं वाहन चालक उपस्थित रहे।