NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

DMT: सुशासन तिहार के पीपरछेड़ी शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, मंत्री टंकराम वर्मा ने सुनी समस्याएं



सरकार गांव-गरीब-किसानों के साथ : प्रभारी मंत्री 


धमतरी, 21मई। सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत आज कुरूद विकासखंड के ग्राम चोरभट्टी में नवां एवं धमतरी विकासखंड के ग्राम पीपरछेड़ी में दसवां समाधान शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। ग्राम पीपरछेड़ी में आयोजित विशाल समाधान शिविर में प्रदेश के राजस्व, आपदा प्रबंधन एवं जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में विधायक ओंकार साहू, पूर्व विधायक रंजना साहू, महापौर रामू रोहरा, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक  सूरज सिंह परिहार, जिला पंचायत सीईओ गजेंद्र सिंह ठाकुर, डीएफओ कृष्ण जाधव, एसडीएम  पीयूष तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पंच-सरपंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


  पीपरछेड़ी क्लस्टर अंतर्गत पीपरछेड़ी, डाही, अंगारा, हंकारा, सेमरा डी, सेंचुवा, बिजनापुरी, बोड़रा, पुरी, धौराभाठा, लिमतरा, गागरा, सांकरा, सम्बलपुर, सेहराडबरी, भोथली, कंडेल, नवागांव, बिरेतरा, छाती एवं शंकरदाह सहित 22 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने शिविर में भाग लेकर अपनी समस्याएं, मांगें एवं शिकायतें दर्ज कराईं। विभागीय अधिकारियों द्वारा अनेक आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई।

   अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीब, किसान, महिलाओं एवं जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। सुशासन तिहार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण हो। उन्होंने कहा कि शिविरों में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी जा रही है और उनकी शिकायतों का समाधान किया जा रहा है। यू होने स्टालों का अवलोकन किया । उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा अपनी समस्याएं निःसंकोच शिविरों में दर्ज कराने की अपील की।


   कार्यक्रम में विधायक ओंकार साहू ने ग्रामीणों से शिविरों का लाभ उठाकर अपनी समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदन देने का आग्रह किया। पूर्व विधायक रंजना साहू ने भी ग्रामीणों को संबोधित करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

   कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि जिले में कुल 40 समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अब तक आयोजित शिविरों में 10 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें अधिकांश का निराकरण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि शिविरों के माध्यम से शासन की लगभग 120 प्रकार की सेवाएं ग्रामीणों तक पहुंचाई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि इस शिविर में कुल 3021 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 164 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर ग्रामीणों से सीधे संवाद भी किया।

   शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। किसानों को किसान किताबें एवं कृषि स्प्रे यंत्र वितरित किए गए, जबकि मत्स्य विभाग द्वारा मछली पालकों को आईसबॉक्स एवं मछली जाल प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सुपोषण किट, पासबुक तथा किशोरी बालिकाओं को स्वच्छता किट वितरित की गई। कृषि विभाग द्वारा कृषि उपकरण, श्रम विभाग द्वारा सहायता राशि, प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत गृह प्रवेश की चाबी, स्वास्थ्य विभाग द्वारा बीपी मशीन तथा समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों ट्राईसाइकिल एवं वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण प्रदान की गई। जनपद पंचायत द्वारा सात नवीन राशन कार्ड भी वितरित किए गए।




एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ