NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

Protest: कोलियरी–खरेंगा–दोनर मार्ग पर ठेकेदार की लापरवाही से जनजीवन प्रभावित, संघर्ष समिति ने जताया कड़ा विरोध

 




धमतरी। कोलियरी–खरेंगा–दोनर मार्ग पर सारंगपुरी के पास निर्माणाधीन पुलिया एवं सड़क निर्माण कार्य में ठेकेदार की गंभीर लापरवाही के कारण क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों का जिला मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया है। निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था नहीं किए जाने से आम जनता, स्कूली बच्चों, किसानों एवं मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

शनिवार को रोड संघर्ष समिति के संरक्षक एवं कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। समिति के सदस्यों ने ठेकेदार से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी ठेकेदार से कोई संपर्क नहीं हो सका। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त है।


निरीक्षण के दौरान संरक्षक दयाराम साहू, संयोजक हीरेंद्र साहू, मनोज साहू सहित रोड संघर्ष समिति के अनेक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने निर्माण कार्य की धीमी गति एवं अव्यवस्थित कार्यप्रणाली पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क बंद होने से स्कूली बच्चों का विद्यालय आना-जाना बंद हो गया है, वहीं मरीजों, गर्भवती महिलाओं एवं बुजुर्गों को अस्पताल पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में यह मार्ग पूरी तरह जोखिम भरा बन गया है और किसी भी समय बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।



रोड संघर्ष समिति ने जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग एवं संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि निर्माण कार्य को युद्धस्तर पर पूरा कराया जाए, तत्काल वैकल्पिक मार्ग अथवा अस्थायी पुल की व्यवस्था की जाए तथा लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।

समिति ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी जनहित में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित विभाग एवं ठेकेदार की होगी।








एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ