खेत हुए जलमग्न,किसानों की चिंता बढ़ी, नदी नाले को पार कर रहे हैं लोग
भूपेंद्र साहू
धमतरी। जिले में रुक, रुककर लगातार हो रही बारिश से वनांचल क्षेत्रों के नदी-नाले उफान पर है। तेज बारिश के कारण जगह-जगह नदी नाले तूफान पर हैं खेतों में लबालब पानी भर चुका है। महानदी और बालका नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे कर्णेश्वर घाट स्थित बालका-महानदी संगम पर बने एनिकट के ऊपर से पानी बह रहा है। इसी तरह कुकरेल के आगे बैंड रोड पुल में भी पानी सड़क के ऊपर से भरा है जिसकी वजह से छोटे वाहनों को रोक दिया गया है।धमतरी शहर में भी कई जगह है जल भराव की स्थिति बनी है। रुद्री रोड,हरफतराई रोड,बागतराई रोड सहित कई स्थान और स्कूल भी हैं जहां पर पानी भर गया है।
कर्णेश्वर घाट स्थित बालका-महानदी संगम पर बने एनिकट के ऊपर से बहते पानी एक वाहन चालक द्वारा जान जोखिम में डालकर पानी से लबालब एनिकट को पार करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि कैसे वाहन पानी के तेज बहाव के बीच एनिकट पार करता दिखाई दे रहा है, जिसे देखकर लोग हैरानी जता रहे हैं।
मौसम विभाग ने बुधवार को भी दिनभर बारिश बताया है। लगातार बारिश होने से जनजीवन प्रभावित हुआ है
मेघा एनीकट में खतरा
मेघा एनीकट मार्ग से एक वीडियो वायरल हुआ है जिसके ऊपर से पानी चल रहा है हालांकि यह देखने में तो काफी खूबसूरत लग रहा है किंतु पानी रहते हुए इसे पार करना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। एक ऐसा ही वीडियो मगरलोड़ एनिकट से सामने आया है जो कि सुबह का बताया जा रहा है।लोगों ने आगे जाने से मना भी किया फिर भी कुछ लोग मान नहीं रहे है। इस जगह मगरलोड और कुरूद पुलिस दोनों छोर में रहना जरूरी है।
सुरक्षा जरूरी है
बारिश के दौरान एनिकट और पुल-पुलियों पर बहते पानी के बीच इस तरह की लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। प्रशासन लगातार लोगों से उफनते नदी-नालों और जलमग्न मार्गों को पार नहीं करने की अपील कर रहा है।
अब तक मगरलोड तहसील में सर्वाधिक 603.1 मिमी वर्षा
भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 जुलाई को दर्ज की गई दैनिक वर्षा में धमतरी में 92.2 मिमी, कुरूद में 85.8 मिमी, मगरलोड में 100.8 मिमी, नगरी में 96.6 मिमी, भखारा में 55.0 मिमी, कुकरेल में 105.0 मिमी तथा बेलरगांव में 100.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
एक जून से 29 जुलाई तक मगरलोड तहसील में सर्वाधिक 603.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। इसके बाद कुकरेल में 608.0 मिमी, धमतरी में 594.5 मिमी, बेलरगांव में 544.6 मिमी, कुरूद में 534.9 मिमी, भखारा में 633.3 मिमी तथा नगरी में 393.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।





0 टिप्पणियाँ