NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

Breaking: NH30 में दर्दनाक हादसा, बाईक चालक को 5 किमी तक घसीटते ले गया बस ड्राइवर, चिथड़े उड़ गए

 


बाइक और यात्री बस की भिड़ंत में व्यक्ति की मौके पर मौत, मृतक की शिनाख्त नहीं

भूपेंद्र साहू

धमतरी। नेशनल हाईवे-30 पर पुरूर के आगे न्यारा पेट्रोल पंप के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायपुर से कोंटा-सुकमा की ओर जा रही मनीष ट्रैवल्स की यात्री बस ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि मृतक का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो पाई है।


बस में फंसा रहा बाइक सवार

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 11:45 बजे मनीष ट्रैवल्स की बस क्रमांक सीजी 27 के 2469 रायपुर से कोंटा-सुकमा की ओर जा रही थी। इसी दौरान न्यारा पेट्रोल पंप के पास पुल के समीप बस की बाइक क्रमांक सीजी 19 बीके 3431 से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक सवार बस के नीचे फंस गया। बताया जा रहा है कि बस चालक घायल व्यक्ति को घसीटते हुए करीब 4 से 5 किलोमीटर दूर जगतरा टोल प्लाजा तक ले गया। इस दौरान बाइक सवार बस में फंसा रहा, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।घसीटने की वजह से उस व्यक्ति के चिथड़े उड़ गए।


चारामा में पकड़ी गई बस

हादसे के बाद बस को चारामा में पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुरूर पुलिस मामले की जांच में जुट गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और बस को कब्जे में लेकर घटना के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है। मृतक की पहचान के लिए पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।




हादसे से हाईवे पर मचा हड़कंप

नेशनल हाईवे-30 पर हुए इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और बस चालक ने घायल बाइक सवार को टोल प्लाजा तक कैसे घसीटा। मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।







एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ