गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट एसोसिएशन की गोताखोर टीम ने मुरुमसिल्ली जलाशय में डूबे दोनो के शव खोज निकाले
धमतरी। मुरुमसिल्ली जलाशय के आश्रित ग्राम गेदारापारा और बागडोंगरी निवासी दो मछुआरों की तेज जलप्रवाह में बह जाने मौत हो गई।रविवार को गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट एसोसिएशन की गोताखोर टीम ने दोनों के शव खोज निकाला। गोताखोर दल द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर लगातार खोजबीन एवं रेस्क्यू अभियान चलाया गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, देवकरण कोडोपी 22 वर्ष पिता भागी राम गेदरापारा और लोकेश मांडवी 39 वर्ष निवासी बागडोंगरी रिश्ते में मामा-भांजे थे। दोनों 12 सितंबर की देर शाम गेदारापारा स्थित रपटा (चेक डेम) के पास मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान अचानक एक का पैर फिसल गया और वह पानी के तेज बहाव में बहने लगा। उसे बचाने के प्रयास में दूसरा व्यक्ति भी तेज बहाव की चपेट में आ गया और दोनों बह गए। ग्रामीणों द्वारा तत्काल संबंधित थाना एवं नगर सेना को इसकी सूचना दी गई। रात का समय होने तथा पानी के तेज बहाव के कारण बचाव दल द्वारा देर रात तक खोजबीन के बावजूद दोनों का पता नहीं चल सका।
जिला प्रशासन ने की सतर्कता बरतने की अपील
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने नागरिकों से अपील की है कि जलस्तर बढ़ने या बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित होने पर घबराएं नहीं, बल्कि प्रशासन द्वारा चिन्हांकित सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर जाएं और राहत एवं बचाव दल के निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल संबंधित प्रशासनिक अथवा पुलिस अधिकारियों को दें।






0 टिप्पणियाँ