NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

करहीभदर के पास भीषण हादसा, 20 फीट नीचे खेत में पलटी बस, दबने से धमतरी निवासी कंडक्टर की मौत, कई घायल

 


चीख-पुकार के बीच ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा,बस को काटकर निकाला गया शव


धमतरी। बालोद-धमतरी मुख्य मार्ग पर ग्राम करहीभदर के पास शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बालोद से धमतरी की ओर आ रही धमतरी रोडवेज की बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे करीब 20 फीट गहरे खेत में जा पलटी। बस के पलटते ही यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे में एक व्यक्ति की बस में दबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही करहीभदर सहित आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बिना देर किए राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। बस के भीतर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों ने पुलिस और बचाव दल के साथ मिलकर मोर्चा संभाला।

बस के अंदर दब गया था मृतक

हादसा इतना भीषण था कि बस पलटने के बाद उसका एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और एक व्यक्ति बस के भीतर दब गया। उसे निकालने के लिए बस को काटना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद मृतक के शव को बस से बाहर निकाला गया। जिसकी पहचान बस कंडक्टर प्रकाश ग्राम भोयना धमतरी निवासी के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भी दहशत का माहौल रहा।


आपातकालीन वाहनों से घायलों को भेजा अस्पताल

घटना की जानकारी मिलते ही गुरूर थाना पुलिस और यातायात विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजने की व्यवस्था की गई।आपातकालीन चिकित्सा वाहनों के माध्यम से घायलों को बालोद जिला अस्पताल,गुरुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। एक घायल को धमतरी जिला अस्पताल लाया गया।अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है।

मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका

हादसे की गंभीरता को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल एक व्यक्ति की मौत की जानकारी सामने आई है। पुलिस और प्रशासन की टीम द्वारा घायलों की स्थिति तथा हादसे में हुई जनहानि की जानकारी जुटाई जा रही है।






 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ