धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, रात्रि गश्त बढ़ाने एवं निगरानी बदमाशों की लगातार चेकिंग करने पर दिया विशेष जोर

धमतरी। दो स्थानों के शीतला मंदिर में चोरी की वारदात होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने उच्च स्तरीय बैठक लेकर सख्त निर्देश दिए। दोनों मंदिरों के आरोपी अब तक पुलिस पकड़ से बाहर हैं। जिले में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


मरौद और भखारा के शीतला मंदिर में चोरी के बाद एसपी ने बड़ा एक्शन लिया है।एसपी ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों में नियमित एवं प्रभावी पेट्रोलिंग बढ़ाने, रात्रि गश्त को और अधिक सक्रिय एवं सुदृढ़ बनाने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं निगरानी बदमाशों की लगातार चेकिंग करने तथा पूर्व में चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त आरोपियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही निगरानी बदमाशों का सत्यापन कर जिनके फिंगर प्रिंट पूर्व में नहीं लिए गए हैं, उनके फिंगर प्रिंट भी नियमानुसार लेने के निर्देश दिए गए।बैठक में मंदिर समितियों, पुजारियों, स्थानीय नागरिकों एवं ग्राम कोटवारों से सतत समन्वय स्थापित कर धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए। 


साथ ही संवेदनशील मंदिरों एवं सार्वजनिक स्थलों में लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच कराने, आवश्यक स्थानों पर अतिरिक्त कैमरे स्थापित कराने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने हेतु जागरूक एवं समझाइश प्रदान करने के निर्देश भी दिए गए। चोरी की घटनाओं के त्वरित निराकरण, आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण बनाए रखने तथा धार्मिक स्थलों की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने हेतु सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धमतरी, सीएसपी धमतरी, डीएसपी साइबर, एफएसएल अधिकारी सहित थाना प्रभारी सिटी कोतवाली धमतरी, रूद्री, अर्जुनी/सायबर थाना, भखारा, कुरुद, मगरलोड, चौकी बिरेझर, करेली बड़ी प्रभारी, रीडर एवं स्टेनो उपस्थित रहे।


अर्जुन रेजिडेंसी में हुई चोरी के आरोपी की भी तलाश

मंदिरों में चोरी के पहले धमतरी शहर में अर्जुन रेजीडेंसी में लगातार दो दिन दो घरों में चोरी हुई थी। जिसमें एक घर में तो लगभग चार लाख की चोरी हुई थी।सीसीटीवी में संदिग्ध नजर भी आए थे। इसके बाद भखारा के कोसमर्रा में भी एक शिक्षक के यहां चोरी की घटना हुई थी। सभी आरोपी पुलिस पकड़ से बाहर हैं।