NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

15 अगस्त से धमतरीवासियों को सुनाई दे सकती है ट्रेन की सायरन...तैयारियां अंतिम चरण में




भूपेंद्र साहू

धमतरी। शहरवासियों का वर्षों पुराना इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। धमतरी रेलवे लाइन के ब्रॉडगेज परियोजना का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है और यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो 15 अगस्त के आसपास धमतरी में ट्रेन संचालन शुरू हो सकता है। इसी को लेकर महापौर रामू रोहरा और कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने रेलवे कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान रेलवे ट्रैक, स्टेशन परिसर और निर्माणाधीन सुविधाओं का अवलोकन किया। बताया गया कि धमतरी में नैरोगेज रेलवे लाइन को हटाकर ब्रॉडगेज लाइन में परिवर्तित किया जा रहा है। सिहावा चौक तक रेलवे पटरी बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष आवश्यक कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।


जानकारी के अनुसार अगले 15 से 20 दिनों के भीतर रेलवे लाइन पर ट्रायल रन होने की संभावना है। ट्रायल सफल होने के बाद रेलवे विभाग द्वारा नियमित ट्रेन संचालन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। रेलवे से जुड़े अधिकारियों का मानना है कि सभी तकनीकी और सुरक्षा मानकों की पूर्ति होने पर स्वतंत्रता दिवस के आसपास ट्रेन सेवा शुरू की जा सकती है।


रेलवे माल परिवहन को सुगम बनाने के लिए रेक पॉइंट निर्माण का कार्य भी जल्द पूरा किया जाएगा। इससे क्षेत्र के व्यापारियों और उद्योगों को माल ढुलाई में सुविधा मिलेगी तथा आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

निरीक्षण के दौरान स्टेशनपारा क्षेत्र के नागरिकों की समस्याओं पर भी चर्चा हुई। महापौर रामू रोहरा ने बताया कि स्टेशनपारा वासियों की सुविधा के लिए सड़क निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा। वहीं रेलवे क्षेत्र में दोबारा हुए छोटे-छोटे अतिक्रमणों को भी हटाने की कार्रवाई की जाएगी ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।


ब्रॉडगेज परियोजना पूरी होने के बाद धमतरी का रेल संपर्क प्रदेश और देश के अन्य प्रमुख शहरों से अधिक मजबूत होगा। इससे यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा मिलने के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ