धमतरी/मगरलोड। जिले के मगरलोड विकासखंड अंतर्गत ग्राम डूमरपाली में बुधवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस प्राकृतिक आपदा में 39 भेड़ों और एक बकरी की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पशुओं की एक साथ मौत से पशुपालक परिवारों को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
बिजली गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के ग्रामीण सहम गए। जब लोग घटनास्थल की ओर पहुंचे तो वहां बड़ी संख्या में भेड़ें और एक बकरी मृत अवस्था में पड़ी मिलीं। हादसे में कुल 39 भेड़ों और एक बकरी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना अब तक मगरलोड थाने को नही दी गई है। बताया जा रहा है कि मृत पशुओं की कीमत लाखों में है, जिससे पशुपालक परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार मौसम का मिजाज बदल रहा है और आकाशीय बिजली की घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में लोगों और पशुपालकों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। पशुपालक परिवार अपने पशुधन के नुकसान से बेहद दुखी हैं।
प्रशासन द्वारा पंचनामा और नुकसान का आकलन किए जाने के बाद नियमानुसार सहायता प्रदान किए जाने की संभावना जताई जा रही है। वहीं इस घटना ने एक बार फिर खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में रहने वाले लोगों और पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।





0 टिप्पणियाँ