धमतरी। जिले में आत्महत्या की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। अब वयस्कों के साथ-साथ नाबालिग बच्चों द्वारा भी आत्मघाती कदम उठाए जाने की घटनाएं सामने आने लगी हैं। ताजा मामला धमतरी शहर से लगे ग्राम रुद्री का है, जहां कक्षा 9वीं के एक छात्र ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रुद्री निवासी तीरथ कुमार ध्रुव कक्षा 9वीं का छात्र था। रविवार को घटना के समय उसकी मां मजदूरी करने गई हुई थी। जब वह शाम को घर लौटी तो देखा कि बेटा फांसी के फंदे पर लटका हुआ है। परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारकर जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि करीब 8-9 वर्ष पूर्व छात्र के पिता ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। इस घटना से परिवार पर एक बार फिर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।




0 टिप्पणियाँ