राष्ट्रप्रेम और सांस्कृतिक चेतना का महापर्व: धमतरी में 7 से 15 अगस्त तक होंगे “वंदे मातरम्” आधारित आयोजन
धमतरी। छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा के निर्देशन में धमतरी जिले में 7 से 15 अगस्त 2026 तक “वंदे मातरम्” की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में तृतीय चरण के अंतर्गत विविध सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में जिला पंचायत द्वारा धमतरी, कुरूद, मगरलोड एवं नगरी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कार्यक्रमों का प्रभावी एवं गरिमामय आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जयंत नाहटा ने बताया कि “वंदे मातरम्” केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता चेतना, राष्ट्रीय अस्मिता और आत्मगौरव का अमर प्रतीक है। इसकी 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और राष्ट्र निर्माण के आदर्शों से जोड़ने का सार्थक प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिले की सभी जनपद पंचायतों एवं ग्राम पंचायतों में शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यापक जनभागीदारी के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी आपसी समन्वय से इन आयोजनों को सफल बनाएंगे, ताकि “हर घर राष्ट्रभक्ति, हर मन वंदे मातरम्” की भावना जन-जन तक पहुंचे और आजादी के अमृतकाल में राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश और अधिक सशक्त रूप से प्रसारित हो।




0 टिप्पणियाँ