NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

धमतरी में Dedicated Highways Surveillance Team गठित, सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत एसओपी लागू

 


राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और ओवरलोडिंग पर कसेगा शिकंजा


धमतरी। जिले में राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारू बनाने तथा सड़क सुरक्षा मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से Dedicated Highways Surveillance Team का गठन किया गया है। यह पहल भारत के माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में की गई है। गठित टीम राष्ट्रीय राजमार्गों पर भारी एवं व्यावसायिक वाहनों की अनधिकृत पार्किंग, अतिक्रमण, ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करेगी।


कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित इस जिला स्तरीय टीम में पुलिस अधीक्षक/अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को सदस्य सचिव बनाया गया है। इसके अतिरिक्त वनमंडलाधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के परियोजना निदेशक, संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), नगर निगम आयुक्त, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला परिवहन अधिकारी को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।


उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु गठित टीम द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप नियमित कार्रवाई की जाएगी। इसके अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्गों पर ऐसे संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों का चिन्हांकन किया जाएगा, जहां भारी एवं व्यावसायिक वाहनों की अनधिकृत पार्किंग, सड़क किनारे अतिक्रमण अथवा यातायात बाधित होने की स्थिति बार-बार निर्मित होती है। इन स्थानों की सूची फील्ड निरीक्षण एवं प्राप्त फीडबैक के आधार पर समय-समय पर अद्यतन की जाएगी।


जिला टास्क फोर्स एवं हाईवे सर्विलांस टीम के समन्वय से प्रभावी प्रवर्तन तंत्र विकसित किया जाएगा। टीम द्वारा नियमित निरीक्षण, आकस्मिक जांच तथा आवश्यकतानुसार संयुक्त अभियान चलाकर हाईवे पर अवैध पार्किंग, अतिक्रमण, ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों एवं संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत चालानी एवं वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिला प्रशासन ने सभी वाहन चालकों, परिवहन संचालकों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय राजमार्गों पर अनधिकृत पार्किंग, ओवरलोडिंग एवं यातायात नियमों के उल्लंघन से बचें तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवस्था में सहयोग प्रदान करें। प्रशासन की इस संयुक्त पहल से राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात को अधिक सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने तथा आमजन के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण परिणाम प्राप्त होने की अपेक्षा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ