विद्युत विभाग को सौंपा गया ज्ञापन
धमतरी। लगातार बढ़ते बिजली बिल, स्मार्ट मीटर से उत्पन्न हो रही समस्याओं और शहर में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट को लेकर आम जनता में असंतोष व्याप्त है। इस संदर्भ में युवक कांग्रेस ने बिजली विभाग के सामने प्रदर्शन किया।घड़ी चौक से नारेबाजी करते हुए रायपुर रोड पावर हाउस तक पहुंचे,जहां पर पुलिस ने पहले ही बैरिकेड लगा दिया था। कुछ देर तक प्रदर्शन के बाद कार्यपालन अभियंता, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (धमतरी) के नाम AE भरत सिन्हा को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द राहत प्रदान करने की मांग की है।
ज्ञापन के माध्यम से रखी गईं मुख्य मांगें:
निष्पक्ष जांच: स्मार्ट मीटर लगने के बाद बढ़े हुए बिजली बिलों की निष्पक्ष जांच कर उपभोक्ताओं को तत्काल राहत दी जाए।
सहमति अनिवार्य हो: उपभोक्ताओं को पूरी जानकारी दिए बिना और उनकी लिखित सहमति के बिना स्मार्ट मीटर न लगाए जाएं।
प्रीपेड प्रणाली पर रोक: स्मार्ट मीटर को प्रीपेड प्रणाली से न जोड़ा जाए और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
हाफ बिजली बिल योजना: 400 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले सभी उपभोक्ताओं का बिजली बिल आधा किया जाए।
दरों पर नियंत्रण: बिजली की दरों में बढ़ोतरी पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा आम जनता को सस्ती बिजली उपलब्ध कराई जाए।
स्ट्रीट लाइट सुधार: बंद पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द चालू किया जाए।
पूर्व विधायक लेखराम साहू ने कहा कि महंगाई के इस दौर में आम नागरिक, किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी और मध्यमवर्गीय परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। ऐसे में भारी-भरकम बिजली बिलों ने हर घर का बजट बिगाड़ दिया है। यदि विभाग ने समय रहते इन मांगों पर त्वरित कार्रवाई नहीं की, तो आगे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होना पड़ेगा।





0 टिप्पणियाँ