NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

DMT बड़ा हादसा टला: नरहरा जलप्रपात के तेज बहाव में बहे दो युवक, रेलिंग में फंसकर बची जान




भूपेंद्र साहू

धमतरी। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते प्रसिद्ध पर्यटन स्थल 'नरहरा जलप्रपात' इन दिनों उफान पर है। बारिश के मौसम में प्राकृतिक सौंदर्य का लुत्फ उठाने के लिए यहां रोजाना बड़ी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं। इसी बीच पर्यटकों की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां जलप्रपात के तेज बहाव की चपेट में आने से दो युवक अचानक बहने लगे। गनीमत यह रही कि समय रहते दोनों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।



जानकारी के अनुसार इन दिनों नरहरा जलप्रपात में पानी उफान पर है इसके बावजूद शनिवार और रविवार को सैलानियों की जमकर भीड़ रहती है। जो सुरक्षा की अनदेखी भी करते हैं।तेज बहाव के बावजूद दो युवक सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर पानी के करीब चले गए थे। देखते ही देखते वे पानी के उफान में फंस गए और बहने लगे। हालांकि, किस्मत से दोनों युवक जलप्रपात किनारे बनी सुरक्षा रेलिंग में जाकर फंस गए। आसपास मौजूद लोगों और स्थानीय स्तर पर मुस्तैद व्यवस्था की मदद से समय रहते उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्रशासनिक चेतावनियों को दरकिनार कर रहे पर्यटक

प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा लगातार अपील की जा रही है कि बारिश के मौसम में जलप्रपातों और उफनती नदियों के पास न जाएं। जलप्रपात के आसपास चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद कई पर्यटक अपनी जान जोखिम में डालकर हादसों को न्योता दे रहे हैं। प्रशासन ने एक बार फिर पर्यटकों से सतर्कता बरतने और निर्धारित सुरक्षा सीमाओं के भीतर ही रहने की अपील की है।





​ 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ