यातायात पुलिस ने दुकानों के बाहर रखी सामग्रियों को हटवाकर आमजन के आवागमन को बनाया सुगम
धमतरी।आगामी त्योहारों को देखते हुए बाजार एवं प्रमुख मार्गों पर बढ़ने वाली भीड़ तथा यातायात के दबाव को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस यातायात द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में यातायात पुलिस की टीम द्वारा बाजार क्षेत्र में दुकानों के बाहर सड़क एवं फुटपाथ पर रखी सामग्री, सामान एवं अन्य अवरोधों को हटवाया गया, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा वाहनों की आवाजाही सुचारु बनी रहे। हालांकि बीच-बीच में अभी भी मुख्य मार्ग में सड़क जाम की स्थिति बन रही है।
यातायात पुलिस द्वारा दुकानदारों एवं व्यापारियों को समझाइश देते हुए अपील की गई कि वे अपनी दुकानों का सामान सड़क अथवा फुटपाथ पर न रखें और निर्धारित स्थान के भीतर ही व्यापारिक गतिविधियां संचालित करें। त्योहारों के दौरान बाजार में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की गई।
धमतरी पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि आमजन की सुविधा, सुरक्षित यातायात एवं व्यवस्थित बाजार व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। त्योहार सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।




0 टिप्पणियाँ