NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

पावर हाउस में भीषण आग: बंदर के कूदने से 220 KV सब-स्टेशन धधका,3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया काबू



​ कई घंटे ठप रही बिजली आपूर्ति, धमतरी में भी 1 घंटे रहा ब्लैकआउट


धमतरी। गुरूर थाना क्षेत्र के ग्राम बोहराडीह स्थित 220 केवी पावर हाउस में गुरुवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग पावर हाउस के मुख्य ट्रांसफार्मर में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आसमान में  दूर तक काले धुएं का गुबार छा गया, जिससे पूरे सब-स्टेशन परिसर में भारी तबाही का खतरा मंडराने लगा था। सूचना मिलते ही बालोद और धमतरी से पहुंचीं दमकल की गाड़ियों ने करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।


बंदर के कूदने से हुआ जोरदार शॉर्ट सर्किट

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हादसा एक बंदर के ट्रांसफार्मर पर अचानक कूदने की वजह से हुआ। इसके चलते जोरदार स्पार्किंग और शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसने ट्रांसफार्मर के अत्यधिक ज्वलनशील ऑयल को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही मिनटों में लपटें बेकाबू हो गईं और पूरे ट्रांसफार्मर से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं।



पुलिस और तकनीकी अमला मौके पर तैनात

अति-संवेदनशील विद्युत उपकेंद्र होने के कारण सुरक्षा के लिहाज से तुरंत गुरूर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा घेरा बनाया और पावर हाउस के आसपास लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई। घटना की जानकारी मिलते ही विद्युत विभाग के वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी और मैदानी अमला मौके पर पहुंचे।




दो जिलों में ब्लैकआउट, सप्लाई ठप

इस सब-स्टेशन को सीधे कुम्हारी ग्रिड से हाई-वोल्टेज बिजली की सप्लाई होती है। ट्रांसफार्मर में आग भड़कते ही सुरक्षा कारणों से समूचे ग्रिड की लाइन काटनी पड़ी। इसके चलते कई इलाकों में घंटों तक बिजली गुल रही। वहीं, ट्रांसमिशन सिस्टम प्रभावित होने से पड़ोसी जिले धमतरी में भी लगभग 1 घंटे तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही, जिससे आम जनजीवन और व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हुईं।


​फायर ब्रिगेड और पावर हाउस के कर्मचारियों की मुस्तैदी से आग को अन्य यूनिट्स और बड़े ग्रिड तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे करोड़ों रुपये का नुकसान होने से बच गया। दमकल अमले द्वारा पूरी तरह कूलिंग किए जाने के बाद तकनीकी टीम ने सुधार कार्य में जुट गई। वैकल्पिक लाइनों से विद्युत आपूर्ति सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू की गई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ