धमतरी। धमतरी जिले के उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र से एक बड़ी घटना सामने आई है। अर्सीकन्हार रेंज के अर्जुनी जंगल में सुबह-सुबह किसी काम से गए दो ग्रामीणों पर चार भालुओं ने अचानक हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिसमें से एक को इलाज के लिए धमतरी लाया गया जहां से रायपुर रिफर कर दिया गया।
सिर और चेहरे पर आईं गंभीर चोटें
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम ठेनही निवासी दिनेश नेगी (पिता आत्माराम नेगी) और मदन नेताम (पिता पुना राम नेताम)गुरुवार तड़के किसी आवश्यक कार्य से जंगल की ओर गए हुए थे। उसी दौरान वहाँ पहले से मौजूद चार भालुओं ने दोनों पर अचानक धावा बोल दिया। इस हिंसक हमले में दोनों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। दिनेश नेगी को गंभीर चोट आई थी।
ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग ने दी चेतावनी
इस घटना के बाद से इलाके के ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल देखा जा रहा है। गौरलतब है कि इस क्षेत्र में पहले भी भालुओं द्वारा इंसानों पर हमले के मामले सामने आ चुके हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए वन विभाग की टीम ने लोगों को पूरी तरह अलर्ट रहने और भालुओं की उपस्थिति वाले जंगलों या क्षेत्रों में न जाने की सख्त अपील की है।




0 टिप्पणियाँ