बोरई थाना क्षेत्र के ग्राम कारीपानी की घटना
भूपेंद्र साहू
धमतरी। नगरी ब्लॉक के बोरई थाना क्षेत्र के ग्राम कारीपानी में तेंदुए के हमले से तीन ग्रामीण घायल हो गए। घायलों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। घटना के बाद ग्रामीण दहशत में है। घायलों को रात में ही शासकीय अस्पताल नगरी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया। एक महिला का इलाज नगरी अस्पताल में जारी है।इस बीच यह भी खबर आई है कि नदी के पार बस्तर बुडरा में तेंदुआ ने कुछ लोगों को और घायल किया है।
गांव में दहशत का माहौल
अचानक हुए हमले से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। गांव में तेंदुए के घुसने और लोगों पर हमला करने की खबर फैलते ही लोग सतर्क हो गए। घटना ने एक बार फिर वनांचल क्षेत्र के गांवों में वन्यजीवों की आवाजाही और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
ग्राम कारीपानी में तेंदुए के हमले की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई। अब ग्रामीणों की नजर वन विभाग की कार्रवाई पर टिकी है। गांव में तेंदुए की मौजूदगी से लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि तेंदुआ दोबारा आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचा तो कोई बड़ी घटना हो सकती है।




0 टिप्पणियाँ