रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिखाएंगे हरी झंडी
धमतरी। छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने और यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। आगामी 20 अक्टूबर 2026 को रायपुर–कुरूद एवं रावघाट–रायपुर बड़ी रेल लाईन यात्री सेवा का शुभारंभ प्रस्तावित है। इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से यात्री सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके पहले 12 अक्टूबर को रायपुर आना प्रस्तावित था लेकिन कार्यक्रम स्थगित हो गया था।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दयानंद ने कुरूद विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय चंद्राकर को पत्र भेजकर इस कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया है। पत्र के अनुसार, शुभारंभ कार्यक्रम 20 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर विधायक अजय चंद्राकर से रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर दोपहर 2 बजे उपस्थित रहने का आग्रह किया गया है।
रेलवे द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि भारत सरकार छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के लिए बीते दो वर्षों में कई रेल परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान कर चुकी है। भारतीय रेलवे आधुनिक, सुरक्षित और सुगम रेल सेवाओं के विस्तार के साथ यात्री सुविधाओं के निरंतर उन्नयन के लिए कार्य कर रहा है।
क्षेत्रीय रेल सुविधाओं को लेकर बढ़ी उम्मीदें
रायपुर–कुरूद एवं रावघाट–रायपुर यात्री सेवा के प्रस्तावित शुभारंभ से क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं। हालांकि, यात्री सेवा के वास्तविक परिचालन, समय-सारणी, ठहराव और नियमित संचालन की विस्तृत जानकारी रेलवे की ओर से जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
कुछ दिनों पूर्व रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल को पत्र लिखकर रायपुर कुरूद दो मेमू ट्रैन और रायपुर रावघाट एक ट्रेन नंबर सहित सूचना दी थी।




0 टिप्पणियाँ