NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

शहर में तलवार लेकर दहशत फैलाने वाले हथियारबंद बदमाशों पर पुलिस का शिकंजा, 4 आरोपी गिरफ्तार

 



धमतरी। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने टिकरापारा धमतरी में प्रार्थिया के घर में घुसकर तलवार एवं लाठी-डंडों से लैस होकर जान से मारने की धमकी देने तथा दहशत फैलाने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक तलवार एवं लकड़ी के डंडे भी जब्त किए गए हैं।

टिकरापारा धमतरी से प्रार्थिया द्वारा थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 21 अक्टूबर की रात्रि लगभग 10:30 बजे वह अपने घर के आंगन में बच्चे को खिला रही थी। इसी दौरान 10 से 12 व्यक्ति तलवार, बेसबॉल स्टिक एवं लाठी-डंडे लेकर जोर-जोर से दरवाजा धक्का देते हुए उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने प्रार्थिया के भाई निखिल के संबंध में पूछताछ करते हुए गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान आरोपियों ने प्रार्थिया का गला भी पकड़ लिया।


प्रार्थिया किसी तरह स्वयं को छुड़ाकर अपनी मां तारा निर्मलकर के घर पहुंची, लेकिन आरोपी वहां भी पीछा करते हुए पहुंच गए और घर में घुसकर उसकी मां को धक्का देते हुए हथियार लहराकर भय एवं दहशत का माहौल निर्मित करने लगे। बीच-बचाव किए जाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

*पुलिस की कार्यवाही एवं गिरफ्तारी*
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली धमतरी में धारा 296, 351(2), 189(4), 190, 191(3), 331(6) बीएनएस एवं धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।



मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा आरोपियों की पतासाजी कर कार्यवाही की गई। विवेचना के दौरान दिनांक 25 नवंबर को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी राहुल मसीह के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार तथा अन्य आरोपी अविनाश मसीह, भोला यादव एवं शुभम नेताम के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी के डंडे जब्त किए गए हैं।



गिरफ्तार सभी आरोपियों राहुल मसीह, पिता राजेश मसीह, उम्र 26 वर्ष, निवासी टिकरापारा, शारदा चौक, धमतरी,भोला शंकर यादव उर्फ सागर यादव, पिता फुलवंत यादव, उम्र 30 वर्ष, निवासी नयापारा वार्ड, बजरंग चौक, गोपी होटल के सामने, धमतरी,शालेम मसीह उर्फ अविनाश मसीह, पिता राजू मसीह, उम्र 20 वर्ष, निवासी टिकरापारा तालाब के पास, धमतरी और शुभम नेताम, पिता रमेश नेताम, उम्र 24 वर्ष, निवासी रिसाईपारा पश्चिम, धमतरी को  मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजीएम) न्यायालय, धमतरी के समक्ष पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।






एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ