संयुक्त जांच दल ने चार स्थानों पर पकड़ा 245.60 क्विंटल अवैध धान, मंडी अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई
धमतरी। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, सुव्यवस्थित और किसान हितैषी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा अवैध धान भंडारण, परिवहन एवं अनधिकृत खरीदी-बिक्री के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर गुरुवार को नगरी क्षेत्र में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने चार अलग-अलग प्रतिष्ठानों के गोदामों में जांच कर कुल 614 कट्टा धान जब्त किया। जब्त धान का कुल वजन 245.60 क्विंटल है।
किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए सतत निगरानी
जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी केंद्रों के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों, भंडारण स्थलों, राइस मिलों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर भी सतत निगरानी रखी जा रही है। इसका उद्देश्य धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, बिचौलियों की अवैध गतिविधियों तथा अनधिकृत धान के खपाने की कोशिशों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में अनियमितता अथवा अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। संयुक्त जांच दलों द्वारा आगे भी नियमित निरीक्षण एवं कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि शासन की समर्थन मूल्य पर धान खरीदी योजना का लाभ वास्तविक किसानों को मिले और पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनी रहे।




0 टिप्पणियाँ