रुद्री रोड स्थित कलेक्ट्रेट कॉलोनी में सुबह से कार्रवाई जारी
दो वाहनों में 10 अधिकारियों की टीम पहुंची, सीआरपीएफ के जवान भी तैनात
धमतरी। जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। शुक्रवार सुबह ED की टीम ने रुद्री रोड स्थित कलेक्ट्रेट कॉलोनी में एक प्रशासनिक अधिकारी अपर कलेक्टर के निवास पर छापा मारा। सुबह से ही टीम द्वारा अधिकारी से पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आ रही है।
बताया जा रहा है कि ED की टीम दो वाहनों में करीब 10 अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची है। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सीआरपीएफ के जवान भी तैनात हैं। टीम द्वारा अधिकारी व उनके पति से विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है और घर से संबंधित दस्तावेजों की जांच किए जाने की भी संभावना है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ के चर्चित आबकारी घोटाले से जुड़े मामले में बताई जा रही है,जिसमें अपर कलेक्टर के पति शामिल थे। हालांकि, छापे के वास्तविक कारणों और जांच के दायरे को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।कलेक्ट्रेट कॉलोनी जैसे प्रशासनिक क्षेत्र में ED की इस कार्रवाई की खबर फैलते ही कलेक्ट्रेट परिसर में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। सुबह से जारी इस कार्रवाई को लेकर प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।फिलहाल ED की कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और कार्रवाई के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।





0 टिप्पणियाँ