NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

Dhamtari:नहर नाका चौक में गड्ढों से आक्रोशित भाजपाइयों ने किया चक्काजाम, रात से ही काम शुरू होगा, आश्वासन के बाद हटे

 


भूपेंद्र साहू

धमतरी।धमतरी के गड्ढों की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। शुक्रवार को भी अलग-अलग जगहों पर स्कूली बच्चों को ले जा रही ई रिक्शा पलट गई। इससे आक्रोशित भाजपाइयों ने नहर नाका चौक में चक्का जाम कर दिया।चक्का जाम से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई थी, आश्वाशन के बाद चक्काजाम हटाया गया। इस दौरान राज्य सरकार और पीडब्ल्यू विभाग के खिलाफ नारे भी लगते रहे।

 ज्ञात हो कि शहर के साथ शहर से लगे हुए आसपास के इलाकों में बारिश की वजह से बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। जिसमें से एक नहर नाका चौक भी शामिल है। जहां रात और दिन वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। इन क्षेत्रों में भी बड़े-बड़े गड्ढे उभर आने से हादसे रोजाना हो रहे हैं। शुक्रवार को भी यहां एक स्कूली ई-रिक्शा पलट गया था। हालांकि आक्रोश लोगों में भी देखा जा रहा है, जिनका कहना है गड्ढों में बच्चे भी गिर रहे है मगर संबंधित विभाग कोई सुध नहीं ले रहा है। 

शुक्रवार की शाम भाजपा प्रदेश मंत्री रामू रोहरा के नेतृत्व में इन्हीं मांगों को लेकर चौक में चक्का जाम कर दिया।गड्ढों की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया। उनका कहना था कि गड्ढों को तत्काल भरा जाए लेकिन इसकी कोई सुध लेने वाला नहीं है। संबंधित विभाग के भी अधिकारियों को फोन लगाकर इसकी जानकारी दी जा रही है लेकिन कोई फोन उठाने वाला नहीं है। चक्का जाम में ऋषभ देवांगन, पार्षद धनीराम सोनकर,अज्जू देशलहरे, हेमंत चंद्राकर, अखिलेश सोनकर, कैलाश सोनकर, जोहन यादव आदि मौजूद थे।

 सूचना पर एसडीएम विभोर अग्रवाल, डीएसपी यातायात मणिशंकर चंद्रा,डिप्टी कलेक्टर तेजपाल, तहसीलदार और पीडब्लूडी विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। जिन्होंने फिर आश्वाशन दिया कि जल्द ही इस दिशा में कार्य होगा पश्चात प्रदर्शन समाप्त हुआ। इस दौरान कोतवाली, अर्जुनी थाना के प्रभारी सहित पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी।

इस संबंध में एसडीएम विभोर अग्रवाल ने कहा कि गड्ढों की रिपेयरिंग की मांग को लेकर भाजपाइयों ने चक्का जाम किया था। विभाग के अधिकारियों के आश्वासन के बाद हटा दिया गया।

 लोक निर्माण विभाग के एसडीओ मनीष साहू ने बताया कि सड़क की रिपेयरिंग पहले से ही चल रही है। बारिश की वजह से गड्ढे फिर से उभर गए। रात से ही चौक के पानी को पहले निकासी बनाकर निकाला जाएगा और रिपेयरिंग शुरू कर दिया जाएगा।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ