NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

NH 30 मरौद टोल प्लाजा शुरू: रायपुर जाने आने में अब चालकों को जेब ढीली करनी पड़ेगी

 


धमतरी। अब नेशनल हाइवे से होकर रायपुर जाने और आने पर वाहन चालकों को अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। 3 जून से नेशनल हाइवे क्रमांक 30 में मरौद टोल प्लाजा को चालू कर दिया गया है। इसके लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा रेट निर्धारित किया गया है। टोल टैक्स बचाने के लिए अब लोग भखारा होते हुए रायपुर जाने को प्राथमिकता देंगे। इस मार्ग में वाहनों की ट्रैफिक बढ़ने से दुर्घटनाएं भी बढ़ेगी।


रायपुर से धमतरी फोरलेन बनने के बाद यातायात तो सुगम हो गया। लेकिन अब वाहन चालकों को अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। कुरूद के आगे ग्राम मरौद में नेशनल हाइवे द्वारा टोल प्लाजा बनाया गया है। जिसे 3 जून से लागू किया गया है। 

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा सूचना जारी कर दी गई है। जिसके आधार पर कार, जीप, वेन या हल्के मोटर वाहन को एकतरफा यात्रा पर 130 रूपए, उसी दिन वापस होने पर 195 रूपए, एकतरफा यात्रा के लिए मासिक शुल्क 4340 रूपए देने होंगे। जिले में पंजीकृत व्यवसायिक वाहनों के लिए 65 रूपए शुल्क निर्धारित किया गया है। हल्के व वाणिज्यिक बाहन, हल्के मालवाहक वाहन या मिनी बस के लिए एकतरफा यात्रा 210 रूपए, उसी दिन वापस आने पर 315 रूपए तथा एकतरफा यात्रा के लिए मासिक शुल्क 7015 रूपए देने होंगे। जिले में पंजीकृत व्यवसायिक वाहनों के लिए 105 रूपए शुल्क है।


 बस या ट्रक दो धुरी के लिए एकतरफा यात्रा 440 रूपए, उसी दिन वापस आने पर 660रु, एकतरफा यात्रा के लिए मासिक शुल्क 14695 रूपए देने होंगे। जिले में पंजीकृत व्यवसायिक वाहनों के लिए 220 रूपए शुल्क है। इसके अलावा अन्य 3 केटेगरी के लिए शुल्क निर्धारित किया गया है। टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के अंदर स्थानीय रहवासियों के निजी वाहनों के लिए मासिक पास 340 रूपए में बनेगा। इसके अलावा फॉस्ट टेग के माध्यम से भुगतान पर 24 घंटे के अंदर वापसी या एकतरफा यात्रा में छूट मिलेगी। बताया गया कि परियोजना की पूंजी लागत 1994.68 करोड़ है। पूंजी लागत की वसूली हो जाने पर टोल की दरें घटाकर 40 प्रतिशत की जाएंगी। 

परियोजना निर्देशक पंकज ओझा ने बताया कि तीन जून से मरौद टोल प्लाजा शुरू हो चुका है। नोटिफिकेशन के आधार पर वाहन मालिकों को नियम का पालन करना होगा। सीजी 05 पॉसिंग वाहनों को अलग से कोई छूट नहीं है।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ