कहा- तनख्वाह जब 100% पाते हैं तो परीक्षा परिणाम भी 100% लाने की कोशिश करें
भूपेन्द्र साहू
धमतरी। धमतरी जिले में 10वीं, 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम पर शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक रायपुर राकेश पांडे ने बालक स्कूल में जिले सभी प्राचार्यो की समीक्षा बैठक ली। 50 प्रतिशत से कम परिणाम प्राप्त करने वालों को लताड़ लगाई वहीं 100 प्रतिशत परिणाम वालों को शाबाशी भी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि तनख्वाह 100 प्रतिशत लोगे और परीक्षा परिणाम कम, यह नहीं चलेगा।
सत्र 2024-25 में बोर्ड परीक्षा परिणाम धमतरी जिले का खराब रहा है। राज्य में स्थिति में गिरावट आई है। 10 वीं में राज्य में 24 वां और 12 वीं में 21 वें स्थान पर पहुंच गया है। इसे संज्ञान में लेते हुए संयुक्त संचालक राकेश पांडे 27 मई को धमतरी पहुंचे। उन्होंने डॉ. शोभाराम देवांगन स्कूल में जिले के सभी प्राचार्याे की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने 50 प्रतिशत से कम परिणाम आने वाले स्कूलों के अलावा शिक्षकों की जमकर खबर ली। प्रत्येक स्कूल के विषयवार समीक्षा की गई। जिसमें खामियां पाई गई। कई स्कूलों में विषय का परिणाम 11-12 प्रतिशत तक आया है। उन प्राचार्यो पर भी कार्यवाही की जाएगी। नगर निगम स्कू ल में परिणाम संतोषप्रद नहीं आने पर प्राचार्य की वेतनवृद्धि रोकने का आदेश दिया गया। जिस स्कूल में यह समीक्षा बैठक हो रही थी वहां का परिणाम भी खराब रहा। वहां के प्राचार्य पर भी कार्यवाही हुई। 100 प्रतिशत परिणाम लाने वाले प्राचार्यो का अनुभव सुनकर शाबाशी दी गई। समीक्षा बैठक में सहायक संचालक शिक्षा अजीत सिंह जाट, धमतरी डीईओ टीआर जगदल्ले सहित स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षा विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।
JD का सर्जिकल स्ट्राइक
इस संबंध में संयुक्त संचालक राकेश पांडे ने बताया कि परीक्षा परिणाम में काफी गिरावट आया है। जिसकी समीक्षा की गई है। 50 प्रतिशत से कम परिणाम प्राप्त करने वालों को नोटिस जारी की जाएगी। विषयवार भी समीक्षा की गई। जिसमें कई कारण सामने आए। कई शिक्षक मुख्यालय में न रहकर अन्य जिलों से आना-जाना करते हैं और हाउस रेंट भी लेते हैं। उन्हें स्कू ल खुलने के पहले मुख्यालय में रहने कहा गया है नहीं रहने पर कार्यवाही की जाएगी। कई जगह शिक्षकों की कमी बताई गई है। युक्तियुक्तकरण के बाद कोई परेशानी नहीं होगी। 100 प्रतिशत परिणाम प्राप्त करने वालों प्राचार्याे से उनका अनुभव लिया गया। प्राचार्यो को अधिकारी नहीं, प्रबंधक होना चाहिए। स्टाफ रूम में बैठक शिक्षकों के साथ चाय पियें, नियमित बैठक करें, परिसर को स्वच्छ रखें और कुछ दान करने करने भी कहा। उम्मीद है इस वर्ष अच्छा परिणाम आएगा।
आदेशानुसार होगी कार्यवाही
इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी टीआर जगदल्ले ने कहा कि समीक्षा के दौरान कई लोगों को नोटिस जारी करने, वेतनवृद्धि रोकने कहा गया है। संयुक्त संचालक के आदेशानुसार कार्यवाही की जाएगी।





0 टिप्पणियाँ