NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

अवैध धान भंडारण पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई: ग्राम सिरसिदा में प्रभु ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम से 261 क्विंटल धान जब्त

 



धमतरी, 14 जनवरी।जिले में अवैध धान भंडारण एवं अनियमितताओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा सतत कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज राजस्व विभाग एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी (SADO) की संयुक्त टीम द्वारा कुरुद विकासखंड के ग्राम सिरसिदा में स्थित प्रभु ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम में औचक निरीक्षण किया गया।

    निरीक्षण के दौरान गोदाम में 261 क्विंटल धान (कुल 652 बोरियां) अवैध रूप से संग्रहित पाई गईं। संबंधित व्यापारी द्वारा धान के वैध क्रय-विक्रय एवं भंडारण से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। प्रथम दृष्टया मंडी अधिनियम के उल्लंघन का मामला पाए जाने पर संबंधित प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई की गई।

   संयुक्त टीम द्वारा अवैध रूप से संग्रहित धान को जब्त करते हुए आगे की कार्रवाई तक व्यापारी के सुपुर्दगी में सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है तथा जांच उपरांत नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

   जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन अवधि के दौरान अवैध भंडारण, कालाबाजारी एवं नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। आम नागरिकों एवं किसानों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना प्रशासन को दें।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ