कुरूद क्षेत्र के ग्राम बगदेही की घटना
धमतरी। कुरूद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बगदेही में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। एक ऑटो चालक की लापरवाही के कारण बुजुर्ग और बच्चों से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर सीधे एक गहरे कुएं में जा गिरा। इस घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया, हालांकि समय रहते की गई मदद से सभी की जान बचा ली गई है।
*रिवर्स करते समय हुआ हादसा*
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो चालक अशोक टंडन मरौद निवासी वाहन को रिवर्स कर रहा था, तभी उसने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और ऑटो पीछे स्थित खुले कुएं में समा गया। हादसे के वक्त ऑटो में चालक समेत कुल 6 लोग सवार थे। घायलों में 3 से 4 साल के मासूम बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे, जिनकी जान पर बन आई थी।
*सरपंच पति ने दिखाई तत्परता*
घटना के तुरंत बाद स्थानीय सरपंच पति जयंत ध्रुव ने साहस का परिचय दिया। जैसे ही उन्होंने ऑटो को कुएं में गिरते देखा, उन्होंने बिना समय गंवाए कुएं में छलांग लगा दी। उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर कुएं में डूब रहे मासूम बच्चों और अन्य लोगों को बाहर निकाला। उनकी इस बहादुरी की पूरे गांव में सराहना की जा रही है।
*पुलिस की कार्रवाई*
हादसे की सूचना मिलते ही कुरूद पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जहां ग्रामीणों की मदद से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। राहत की बात यह है कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।
*ऑटो अब भी कुएं में फंसा*
जानकारी के मुताबिक, सभी लोगों को सुरक्षित होने के बाद अब कुएं में फंसे ऑटो को बाहर निकालने का प्रयास किया गया जो कुएं के भीतर ही फंसा हुआ है।



0 टिप्पणियाँ