महापौर रामू रोहरा ने गरीबों का सपना किए साकार, अधूरे वादों पर विकास की मुहर
धमतरी।लंबे समय से अटकी एक बड़ी योजना को आखिरकार नई रफ्तार मिल गई है। ‘सबके लिए आवास मिशन’ के अंतर्गत महिमा सागर, विंध्यवासिनी वार्ड में वर्षों से अधूरे पड़े 182 एएचपी (Affordable Housing in Partnership) आवासों के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 6.75 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस निर्णय से वर्षों से अधर में लटकी परियोजना अब पूर्णता की ओर बढ़ेगी और गरीब परिवारों का पक्का घर का सपना साकार होगा।
अधूरे निर्माण से टूटा था भरोसा
महिमा सागर क्षेत्र में 182 मकानों का निर्माण कार्य पूर्व में प्रारंभ किया गया था। लेकिन कांग्रेस शासनकाल में ठेकेदार द्वारा कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने के कारण निर्माण रुक गया। आधे बने ढांचे, जर्जर दीवारें और सूनी पड़ी साइट वर्षों तक बदइंतजामी की गवाही देती रहीं।रेलवे स्टेशन क्षेत्र के विस्थापितों को भी पूर्व सरकार ने पुनर्वास का आश्वासन दिया था, परंतु जमीनी स्तर पर ठोस प्रगति नहीं हुई। गरीब परिवार किराए के मकानों या अस्थायी झोपड़ियों में रहने को मजबूर थे।
महापौर की प्राथमिकता बनी आवास योजना
महापौर रामू रोहरा ने पदभार ग्रहण करने के बाद सबसे पहले अधूरे पड़े विकास कार्यों की समीक्षा कराई। महिमा सागर के 182 आवासों को उन्होंने प्राथमिकता सूची में शामिल किया।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर परियोजना की वस्तुस्थिति से अवगत कराया और विशेष आर्थिक सहायता की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता को समझते हुए 6.75 करोड़ रुपये की मंजूरी प्रदान की।
अब तेजी से होगा निर्माण कार्य
निगम सूत्रों के अनुसार, स्वीकृत राशि मिलने के बाद शेष निर्माण कार्यों—छत ढलाई, प्लास्टर, बिजली-पानी कनेक्शन, सीवरेज व्यवस्था, आंतरिक सड़क एवं नाली निर्माण—को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।नगर निगम द्वारा नए सिरे से तकनीकी मूल्यांकन कर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए जाएंगे।
महापौर रामू रोहरा ने कहा—
“जिस काम को कांग्रेसी अधूरा छोड़कर भाग गए थे, उसे भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूरा करेगी। गरीबों के सपनों से खिलवाड़ नहीं होने देंगे। हर पात्र परिवार को उसका हक दिलाना हमारी प्रतिबद्धता है। धमतरी में विकास कार्यों की रफ्तार अब रुकने वाली नहीं है।”उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शहर में जहां-जहां विकास योजनाएं अटकी हैं, वहां व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर उन्हें पूर्ण कराया जाएगा।
महिमा सागर एवं विंध्यवासिनी वार्ड के निवासियों ने महापौर श्री रामू रोहरा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से अटके इस महत्वपूर्ण कार्य को गति देकर उन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि मजबूत नेतृत्व ही विकास की असली पहचान है। उन्होंने कहा कि अधूरे पड़े मकान अब पूरी होगा।
ज्ञात हो कि पूर्ववर्ती कांग्रेस शासनकाल में यह योजना बड़े दावों और वादों के साथ प्रारंभ की गई थी, किंतु निर्माण कार्य को अधूरा छोड़ दिए जाने के कारण सैकड़ों परिवारों को निराशा का सामना करना पड़ा। कई परिवार किराए के मकानों में रहने को मजबूर थे, तो कई आर्थिक तंगी के बीच अपने घर के सपने को टूटते हुए देख रहे थे। अधूरी इमारतें उस समय की प्रशासनिक लापरवाही और कमजोर इच्छाशक्ति का प्रतीक बनकर खड़ी थीं।
महिमा सागर एवं विंध्यवासिनी वार्ड के निवासियों ने महापौर रामू रोहरा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से अटके इस महत्वपूर्ण कार्य को गति देकर उन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि मजबूत नेतृत्व ही विकास की असली पहचान है।वार्डवासियों का कहना है कि यह केवल बजट की स्वीकृति नहीं, बल्कि विश्वास की पुनर्स्थापना है। अब धमतरी में अधूरे सपनों की जगह पूर्ण होते घरों की तस्वीर दिखाई देगी।





0 टिप्पणियाँ