NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

धमतरी शहर की प्रमुख सड़कों का होगा डामरीकरण...3.23 करोड़ की मिली स्वीकृति

 



भूपेंद्र साहू

धमतरी। शहर के विकास को नई रफ्तार देते हुए धमतरी को आज एक बड़ी और ऐतिहासिक सौगात मिली है। नगर निगम क्षेत्र की जर्जर और बहुप्रतीक्षित प्रमुख सड़कों के निर्माण के लिए कुल 3 करोड़ 23 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। लंबे समय से इन सड़कों के निर्माण की मांग शहरवासियों द्वारा की जा रही थी, जिसे अब मूर्त रूप मिलने जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार स्वीकृत कार्यों में शहर की जीवनरेखा माने जाने वाले प्रमुख मार्ग शामिल हैं। इनमें मकई चौक से रामबाग चौक तक सदर मार्ग में 114.93 लाख रुपये, डॉ. एन.पी. गुप्ता के निवास से कचहरी ऑफिस होते हुए शिव चौक से म्युनिसिपल स्कूल तक 94.48 लाख रुपये, शिव चौक से विमल टॉकीज रोड से एनएच-30 तक 37.57 लाख रुपये, छत्रपति शिवाजी चौक से मठ मंदिर तक 42.87 लाख रुपये तथा बालक चौक से भगत चौक होते हुए रोकड़िया चौक तक 33.15 लाख रुपये की लागत से बी.टी. रोड निर्माण कार्य किया जाएगा।


इन सड़कों का निर्माण होने से न केवल शहर के यातायात में क्रांतिकारी सुधार होगा, बल्कि हजारों नागरिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम राहगीरों को वर्षों से हो रही परेशानी से राहत मिलेगी। सदर मार्ग, शिव चौक, रामबाग चौक, भगत चौक जैसे व्यस्ततम क्षेत्रों में सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बनती थी। अब नई बी.टी. सड़कों के निर्माण से यातायात सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित होगा।


महापौर रामू रोहरा ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति को धमतरी के विकास की दिशा में मील का पत्थर बताते हुए कहा कि उनका संकल्प है कि धमतरी को आधुनिक, व्यवस्थित और विकसित शहर के रूप में स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि शहरवासियों की सुविधा और बुनियादी जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए लगातार शासन स्तर पर प्रयास किए गए, जिसका सकारात्मक परिणाम आज सामने आया है।महापौर ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय उपमुख्यमंत्री अरूण साव, , प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा , सांसद रूप कुमारी चौधरी सहित संबंधित विभाग के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने इसे धमतरी के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए महापौर के प्रयासों की सराहना की है। 




एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ