NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

SIR का अंतिम प्रकाशन:जिले में 8 हजार से अधिक मददाता बढ़े,अब 6,06,042 वोटर

 



धमतरी।भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार जिले के अंतर्गत आने वाले विधानसभा क्षेत्र 56–सिहावा, 57–कुरूद एवं 58–धमतरी की फोटोयुक्त मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के तहत जिला निर्वाचन कार्यालय धमतरी द्वारा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन उपरांत मतदाता सूची की प्रति संबंधित दलों के पदाधिकारियों को वितरित की गई।

बैठक में निर्वाचन अधिकारियों ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की संपूर्ण प्रक्रिया, दावे-आपत्तियों के निराकरण तथा अंतिम प्रकाशन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं अद्यतन का कार्य पारदर्शिता एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया गया है।


उन्होंने जानकारी दी कि पुनरीक्षण अवधि में मतदाताओं के नाम जोड़ने, विलोपन एवं संशोधन की कार्यवाही की गई। जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है अथवा जो विवाह या अन्य कारणों से संबंधित मतदान केंद्र क्षेत्र में निवास नहीं करते, उनके नाम नियमानुसार विलोपित किए गए। साथ ही अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के अतिरिक्त 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवाओं से भी आवेदन प्राप्त किए गए।

उल्लेखनीय है कि 23 दिसंबर 2025 को प्रारंभिक प्रकाशन के समय जिले में कुल 5,97,789 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें 2,95,579 पुरुष, 3,02,207 महिला एवं 3 तृतीय लिंग मतदाता शामिल थे।


21 फरवरी 2026 को अंतिम प्रकाशन के समय मतदाताओं की कुल संख्या बढ़कर 6,06,042 हो गई है। इनमें 2,99,214 पुरुष, 3,06,824 महिला एवं 4 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं।

इस प्रकार कुल 8,253 मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई है, जिसमें पुरुष मतदाताओं में 3,635, महिला मतदाताओं में 4,617 तथा तृतीय लिंग मतदाताओं में 1 की वृद्धि हुई है। विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के अंतर्गत 7,550 नए मतदाता जोड़े गए एवं 1,409 मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए।

निर्वाचन कार्यालय द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रकाशित मतदाता सूची का अवलोकन कर आवश्यकतानुसार सुधार सुनिश्चित करें, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाया जा सके।




एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ