NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

दहदहा मिडिल स्कूल के 35 बच्चों ने काटे अपने हाथ...आखिर मामला क्या है? ऐसा कैसे हुआ

 


भूपेंद्र साहू

धमतरी।कुरूद ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम दहदहा में बड़ा मामला सामने आया है। जहां मिडिल स्कूल के बच्चों के हाथों में जब कटे हुए निशान देखे गए तो लोगों के होश उड़ गए। लगभग 35 बच्चों के हाथों में ऐसे निशान पाये गये। कारण तो स्पष्ट नहीं है। तहसीलदार, मेडिकल टीम, शिक्षा विभाग की टीम ने पहुंचकर वस्तुस्थिति की जानकारी ली।

कुरूद से थोड़े ही दूर पर राजिम रोड में ग्राम दहदहा स्थित है। जहां पर  मिडिल स्कूल के बच्चों के हाथों में कटने के निशान पाये गये। मामला 15-20 दिन पुराना बताया जा रहा है। लेकिन सवाल यह है कि बच्चों ने अपने हाथ को क्यों काटा। क्या बच्चे नशा करते हैं या किसी ने अपने हाथ काटने की शुरूआत की जिसे देखकर अन्य बच्चों ने इसका अनुसरण किया? सभी मुद्दों पर टीम ने जांच की। मामला पुराना होने के बाद 13 फरवरी को लोगों के संज्ञान में यह मामला आया।


मामला पुराना है : सरपंच

ग्राम दहदहा के सरपंच डीलन चंद्राकर ने बताया कि मामला मिडिल स्कूल का है। जहां पर लड़के लड़कियां एक साथ पढ़ते हैं। एक माह पहले कुछ बच्चों ने अपना हाथ काट लिया था। जिनके घाव भर चुके हैं। नशे की ऐसी कोई चीज समझ नहीं आई है।

संज्ञान में आने के जांच में पहुंचे बीईओ

कुरूद के विकासखंड शिक्षा अधिकारी चंद्रकुमार साहू ने बताया कि 13 फरवरी को यह मामला संज्ञान में आया। जहां पर लगभग 35 बच्चों के हाथ में कट के निशान मिले। बच्चों ने बताया कि एक-दूसरे को देखकर हाथ को जख्मी किया था। यह 20-25 दिन पुराना मामला है। क्रमिक रूप से बच्चों ने ऐसा किया था। तत्कालिक घाव नहीं मिला है। मेडिकल टीम भी गई थी। डाक्टर के अनुसार कुछ बच्चों ने नशे की वजह से ऐसा किया होगा। पालक और टीचरों की बैठक ली गई। 16 फरवरी को सभी की काउंसलिंग की गई। शिक्षकों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे बच्चों पर नजर रखें।


नशे की वजह से बच्चों ने ऐसा किया: बीएमओ

कुरूद के बीएमओ डॉ. हेमराज देवांगन ने बताया कि 35 बच्चों के हाथ में काटने के निशान मिले थे। सभी की काउंसलिंग की गई। यह घटना नशे की वजह से हुई है। काउंसलिंग के दौरान बीईओ, बीआरसी, सरपंच आदि मौजूद थे। उनके साथ साइकोलॉजिस्ट की टीम भी गई थी।

जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी: कलेक्टर

 इस संबंध में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि जानकारी मिलने पर एसडीएम को जांच के लिए कहा गया है। जो भी तथ्य सामने आएगा उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ