युवा स्टार सेवा समिति का नवाचार, जागरूकता अभियान की अनूठी पहल
धमतरी।जागरूकता एवं नवाचार के लिए प्रदेशभर में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुकी युवा स्टार सेवा समिति खरतुली द्वारा एक बार फिर समाज को सकारात्मक संदेश देने वाला प्रेरणादायक कार्य किया गया। समिति के अध्यक्ष हिरेंद्र कुमार साहू के विवाह अवसर पर समिति के सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से उपस्थित होकर पारंपरिक उपहारों से हटकर सड़क सुरक्षा के महत्व को दर्शाते हुए हेलमेट को उपहार स्वरूप भेंट किया।
यह पहल केवल एक उपहार तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसके माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जीवन की सुरक्षा सबसे बड़ा उपहार है। बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए समिति ने इस नवाचार के जरिए समाज को हेलमेट पहनने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
उल्लेखनीय है कि युवा स्टार सेवा समिति अपने निरंतर सामाजिक कार्यों, जागरूकता अभियानों एवं नवाचारों के लिए जानी जाती है, और हाल ही में समिति को छत्तीसगढ़ शासन द्वारा “युवारत्न सम्मान” से भी सम्मानित किया गया है। यह सम्मान समिति की सक्रियता, ईमानदार प्रयासों और समाज के प्रति उसकी जिम्मेदारी को दर्शाता है।
यह पूरा नवाचार माय भारत छत्तीसगढ़ के डिप्टी डायरेक्टर नितिन कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया, जिनकी प्रेरणा से समिति लगातार युवाओं को सकारात्मक दिशा में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। समिति पहले से ही हेलमेट वितरण, सड़क सुरक्षा जागरूकता, युवाओं को नियमों के प्रति सजग करने जैसे अभियानों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।
इस अवसर पर समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। सदस्यों ने कहा कि ऐसे अवसरों पर सामाजिक संदेश देना आने वाली पीढ़ियों में जिम्मेदारी और अनुशासन की भावना विकसित करता है।
समिति ने यह भी स्पष्ट किया कि यह पहल केवल एक शुरुआत है, और आने वाले समय में भी युवा स्टार सेवा समिति इसी प्रकार सड़क सुरक्षा, युवा जागरूकता, सामाजिक उत्तरदायित्व और नवाचार से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी।अंत में समिति ने समाज से अपील की
“हर खुशी के अवसर पर सुरक्षा को प्राथमिकता दें, हेलमेट पहनें और जीवन की रक्षा करें।”
युवा स्टार सेवा समिति का यह नवाचार निश्चित रूप से समाज के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण बनेगा।




0 टिप्पणियाँ