कुरूद पुलिस द्वारा लगातार दी जा रही थी दबिश : दो माह से फरार चल रहे आरोपी को रायपुर में घेराबंदी कर धर दबोचा
धमतरी।थाना कुरूद पुलिस को वृद्ध महिला से दुष्कर्म के प्रकरण में लगभग दो माह से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
प्रकरण में प्रार्थिया ने थाना कुरूद में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि 17 फरवरी को आरोपी ने उसकी लगभग 75 वर्षीय वृद्ध सास के साथ दुष्कर्म जैसा गंभीर अपराध किया है। जिसकी रिपोर्ट पर तत्काल थाना कुरूद में धारा 64, 332(ख) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए विवेचना के दौरान पीड़िता एवं गवाहों के कथनों को विधिवत दर्ज किया गया, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया तथा घटना स्थल का सूक्ष्म एवं गहन निरीक्षण कर आवश्यक तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्य सावधानीपूर्वक संकलित किए गए।
घटना के पश्चात आरोपी अपने घर से फरार हो गया था। उनसे संपर्क संबंधी कोई जानकारी प्राप्त नहीं हो पा रही थी, जिससे उसकी तलाश पुलिस के लिए और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गई थी।
उसकी तलाश में थाना कुरूद पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों, रिश्तेदारों एवं परिचितों से लगातार पूछताछ की गई, किंतु प्रारंभिक स्तर पर कोई ठोस जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी।आरोपी की गिरफ्तारी हेतु मुखबिर एवं सूचना तंत्र को सक्रिय कर सतत निगरानी रखी जा रही थी।
इसी दौरान आरोपी के रायपुर में होने की सटीक सूचना प्राप्त होते ही कुरूद पुलिस तत्काल सक्रिय हुई। पुलिस टीम द्वारा योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर फरार आरोपी को रायपुर से धर दबोचा गया।
गिरफ्तार आरोपी सूर्या सिसोदिया (पारधी) उम्र 26 वर्ष, निवासी झांकी, थाना अभनपुर, जिला रायपुर से पूछताछ के दौरान उसने अपराध करना स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।




0 टिप्पणियाँ