धमतरी।।बालोद जिले के झलमला से रानीमाई मार्ग में तालगांव के आगे मोड़ के पास शुक्रवार शाम 6.30 बजे पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना में सुरेश यादव (45 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं 17 लोग घायल हो गए। जिसमें 5 की स्थिति नाजुक होने पर जिला अस्पताल से हाई सेंटर रेफर किया गया।
घायल मनीष यादव ने बताया कि धमतरी से लगे ग्राम भानपुरी में टीकाराम यादव की बेटी की शादी डौंडी ब्लॉक के ग्राम ढोर्रीठेमा में हुई थी। शादी के बाद सभी लोग चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शुक्रवार शाम को पिकअप गाड़ी से निकले थे। घायल दीपक यादव ने बताया कि शादी समारोह में शामिल होने आए यादव परिवार के 35 से अधिक लोग पिकअप वाहन में सवार थे। आरोप लगाया कि ड्राइवर वाहन को तेज गति से चला रहा था। तालगांव के आगे मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। रास्ते से जा रहे वाहन से घायलों को इस तरह जिला अस्पताल ले जाया गया। मनीष यादव ने बताया कि घटना के बाद पर अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों के सिर फट गए थे। वहीं कई के हाथ-पैर फ्रैक्चर हो गए। घायलों की चीख-पुकार के बीच जो लोग सुरक्षित थे, वे घायलों को संभालते हुए सड़क किनारे बिठाते रहे, जबकि अन्य लोग जंगल और झाड़ियों में गिरे लोगों को निकालने में जुटे रहे। इस दौरान राहगीरों को रुकवाकर मदद मांगी गई और उनकी सहायता से सभी घायलों को जैसे-तैसे जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज जारी है।
जांच में सामने आया कि चालक उमाशंकर निर्मलकर को ड्राइविंग का अनुभव कम था और वह करीब एक साल पहले ही ड्राइवर बना था। ट्रक में हेल्परी करने के बाद उसके जीजा, चारामा निवासी ने जनवरी माह में अशोक लीलैंड की नई पिकअप खरीदकर उसे दी थी। जिसे वह चला रहा था। वहीं चालक ने पुलिस को बयान में कहा कि मोड़ पर एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित हो गया।जिसके चलते हादसा हुआ।
बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है और चालक के नशे में होने की आशंका है, जिसकी मेडिकल जांच कराई जा रही है। कुछ घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें राजनांदगांव रेफर करने की तैयारी की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद चालक पर केस दर्ज किया जाएगा।




0 टिप्पणियाँ