संत माता कर्मा त्याग, सेवा, समर्पण और संस्कारों की प्रतीक हैं : रंजना साहू
धमतरी।साहू समाज परिक्षेत्र झिरिया द्वारा डोंगेश्वर धाम देवपुर में संत शिरोमणि माता कर्मा जयंती एवं मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित होकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में सहभागी बने। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक रंजना डीपेंद्र साहू अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम की शुरुआत साहू समाज की आराध्य देवी संत माता कर्मा की पूजा-अर्चना एवं विधि-विधान से मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के साथ हुई। अतिथियों एवं समाजजनों ने माता कर्मा की आरती कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। साहू समाज परिक्षेत्र झिरिया द्वारा उपस्थित अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किये।
अपने उद्बोधन में रंजना साहू ने कहा कि संत माता कर्मा त्याग, सेवा, समर्पण और संस्कारों की प्रतीक हैं, उनका जीवन समाज को एकता, परिश्रम और मानव सेवा की प्रेरणा देता है, साहू समाज सदैव सामाजिक समरसता, शिक्षा और संस्कृति संरक्षण के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाता आया है, आज समाज के युवाओं को माता कर्मा के आदर्शों को आत्मसात कर समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए। धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं, ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और इसी एकता के बल पर समाज निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर रहेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश साहू समाज अध्यक्ष विपिन साहू ने कहा कि संत माता कर्मा केवल साहू समाज ही नहीं बल्कि संपूर्ण समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका जीवन सादगी, सेवा और भक्ति का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने समाजजनों से सामाजिक संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा शिक्षा एवं संस्कार पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
जिला साहू संघ अध्यक्ष गणेश राम साहू ने कहा कि समाज की प्रगति तभी संभव है जब युवा वर्ग सामाजिक जिम्मेदारियों को समझते हुए आगे आए। समाज में आपसी भाईचारा, सहयोग और संस्कारों की परंपरा को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर साहू समाज पूर्व प्रदेश महामंत्री दयाराम साहू, जिला साहू संघ कोषाध्यक्ष संत राम साहू, तहसील साहू समाज अध्यक्ष चिरौंजी साहू, उपाध्यक्ष रुक्मणी साहू, संगठन सचिव टीकाराम साहू, जनपद उपाध्यक्ष केशव राम साहू, ग्राम पंचायत सरपंच देवलाल साहू,रंगझरुखा साहू, पूर्व साहू समाज जिला उपाध्यक्ष केकती साहू, प्रीतम साहू, बिसहत राम साहू, जनपद सदस्य गीतेश्वरी साहू, राधिका साहू, नरेश कुमार साहू सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख, वरिष्ठजन, बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।





0 टिप्पणियाँ