आधुनिक, व्यवस्थित और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित होगा धमतरी शहर
धमतरी, 04 जून। जिले में आधुनिक एवं सुव्यवस्थित शहरी अधोसंरचना के विकास की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। शहर की दो प्रमुख फोरलेन सड़क परियोजनाओं तथा नए डिवाइडर निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। रत्नाबांधा चौक से मुजगहन, सिहावा चौक से कुल्यारी तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क तथा शहर के मध्य निर्मित किए जाने वाले डिवाइडर कार्य का शुभारंभ महापौर नगर निगम रामू रोहरा ने नारियल फोड़कर किया।
इस अवसर पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी, एसडीएम पीयूष तिवारी, नभ सिंह, एस डी ओ मुरलीधर पैकरा लोक निर्माण,उपायुक्त पीसी सार्वा,जनप्रतिनिधिगण, पार्षदगण, लोक निर्माण विभाग एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि धमतरी को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित एवं आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने के लिए नगर निगम एवं जिला प्रशासन समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि फोरलेन सड़कें केवल यातायात को सुगम बनाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि व्यापार, निवेश, पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों को भी गति प्रदान करेंगी। सड़कों के दोनों ओर हरित पट्टियां, आकर्षक पाथ-वे एवं सौंदर्यीकरण कार्य शहर की सुंदरता को नई पहचान देंगे।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि धमतरी शहर तेजी से विकसित हो रहा है और आने वाले वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अधोसंरचना विकास के कार्य सुनियोजित ढंग से किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से यातायात दबाव में कमी आएगी, आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम होगा तथा शहर को आधुनिक स्वरूप प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र विस्तार, प्रभावी जल निकासी व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं को समान प्राथमिकता दी जा रही है।
डिवाइडर की ऊंचाई होगी 5 फीट
अंबेडकर चौक में डिवाइडर उन्नयन का भी भूमि पूजन किया गया। बताया गया कि डिवाइडर की ऊंचाई ग्रिल सहित 5 फीट की हो जाएगी। हालांकि लोगों की मांग थी कि ऐसा डिवाइडर बनाया जाए जिसमें बीच में फूल लगाए जा सके, लेकिन रोड की चौड़ाई कम होने से यह संभव नहीं हो पाया है।






0 टिप्पणियाँ