संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने अनुभवी कार्यकर्ताओं को मिली जिम्मेदारी
धमतरी। भारतीय जनता पार्टी जिला धमतरी के जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस ने संगठनात्मक मजबूती, आगामी कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन तथा मंडलों में बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से जिले के 13 मंडलों के लिए प्रभारी एवं सह-प्रभारियों की घोषणा की है। जारी सूची के अनुसार संगठन के वरिष्ठ एवं अनुभवी कार्यकर्ताओं को विभिन्न मंडलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संगठन आधारित दल है, जहां कार्यकर्ताओं की क्षमता और समर्पण के आधार पर जिम्मेदारियां दी जाती हैं।उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू ने कहा कि भाजपा का संगठनात्मक ढांचा ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। मंडल प्रभारी एवं सह-प्रभारियों की नियुक्ति से संगठन की गतिविधियों में और अधिक गति आएगी तथा बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित होगा।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि भाजपा में प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी क्षमता के अनुरूप कार्य करने का अवसर मिलता है। मंडल स्तर पर नियुक्त प्रभारी एवं सह-प्रभारी संगठन के कार्यक्रमों को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
जिला प्रभारी डॉ. किरण बघेल ने कहा कि आगामी समय में संगठन के कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। ऐसे समय में मंडल स्तर पर सक्षम और सक्रिय टीम का होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सभी प्रभारी एवं सह-प्रभारी संगठन की रीति-नीति के अनुरूप कार्य करते हुए कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करेंगे।
जिला संगठन ने सभी नवनियुक्त प्रभारी एवं सह-प्रभारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि उनके नेतृत्व में प्रत्येक मंडल संगठनात्मक दृष्टि से और अधिक मजबूत होगा तथा भाजपा के आगामी अभियान और कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न होंगे।उक्त जानकारी उमेश साहू जिला मीडिया प्रभारी ने दी।





0 टिप्पणियाँ