कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने किया निरीक्षण,अत्याधुनिक अटल आरोग्य लैब शुरू, 133 प्रकार की जांचें होंगी निःशुल्क उपलब्ध
धमतरी।कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बुधवार को जिला अस्पताल धमतरी का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने उपचार हेतु आए मरीजों एवं भर्ती रोगियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा परिजनों से अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और उपचार व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बताया कि अतिरिक्त भवन निर्माण के लिए भूमि का चिन्हांकन कर लिया गया है तथा प्रस्तावित जी-प्लस 5 भवन के निर्माण का कार्य आगामी डेढ़ से दो वर्षों में पूर्ण होने की संभावना है। कार्य योजना बनाई गयी है । इससे धमतरी सहित आसपास के जिलों से आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी तथा अस्पताल पर बढ़ते मरीज भार को कम करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के लिए 50 बिस्तरों की पृथक विशेष इकाई स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही समयपूर्व जन्म लेने वाले नवजात शिशुओं के लिए अत्याधुनिक एचसीयू (हाई केयर यूनिट) की व्यवस्था की जाएगी। वहीं नेत्र रोगियों के उपचार हेतु 40 बिस्तरों वाला पृथक आई हॉस्पिटल भी विकसित किया जाएगा।
कलेक्टर ने बताया कि अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। हाल ही में एम.डी. मेडिसिन, एम.डी. ऑर्थाेपेडिक्स एवं दो पैथोलॉजिस्ट ने सेवाएं प्रारंभ की हैं, वहीं स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ की भी पदस्थापना की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए विशेषज्ञ स्टाफ एवं तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता निरंतर बढ़ाई जा रही है।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.यूएल कौशिक, सिविल सर्जन डॉ.अरूण टोण्डर सहित स्वास्थ्य, लोक निर्माण और नगरनिगम के अधिकारी उपस्थित रहे।





0 टिप्पणियाँ