NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

Congress का कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन...दीपक बैज ने कहा राहुल गांधी ही प्रधानमंत्री बनने के बाद महंगाई कम कर सकते हैं

 


भूपेंद्र साहू

 धमतरी।बिजली दर में वृद्धि के साथ-साथ स्मार्ट मीटर और खाद, डीजल की कमी के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को धमतरी कलेक्टोरेट के सामने प्रदर्शन किया। जनपद पंचायत कार्यालय के पास से रैली निकालकर नारेबाजी करते हुए कलेक्टोरेट का घेराव करने पहुंचे। इस आंदोलन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मंत्री एवं डौंडीलोहारा विधायक अनिला भेड़िया समेत अनेक कांग्रेसी मौजूद रहे। प्रदर्शन को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।


रैली के पहले कलेक्टोरेट मोड़ के पास कांग्रेस की सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि स्मार्ट मीटर के विरोध में कार्यकर्ता प्रत्येक घरों में जाकर फार्म भरवायेंगे और सरकार से मांग करेंगे कि स्मार्ट मीटर को निकालें। यूपी, राजस्थान में स्मार्ट मीटर नहीं लगा है। छत्तीसगढ़ में आडानी प्रोडक्ट स्मार्ट मीटर के लगाने से घरों का बिजली बिल अधिक आ रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कह रहे हैं कि सोना न खरीदो, पेट्रोल-डीजल का उपयोग कम करो, तेल कम खाओ, विदेश न जाओ और स्वयं विदेश घूम रहे हैं। श्री बैज ने कहा कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से बिजली की चोरी हो रही है। डबल इंजन की सरकार देश की जनता को लूटने का काम कर रही है।


उन्होंने कहा राहुल गांधी ही प्रधानमंत्री बनने के बाद महंगाई को  रोक सकते हैं। पिछले 70 साल तक जब कांग्रेस सत्ता में रही तब महंगाई इतनी नहीं बढ़ी। हजारों किमी की दूरी में ईरान-अमेरिका का युद्ध हो रहा है जिसका खामियाजा भारत को भुगतना पड़ रहा है। भारत और पाक युद्ध नहीं हो रहा है। मोदी की विदेश नीतियों के कारण हमारा देश कमजोर हो गया है। उन्होंने कहा कि मोदी अमेरिका के दबाव में काम कर रहे हैं। इंदिरा गांधी जब प्रधानमंत्री थीं तक कभी दबाव में नहीं आयीं।


सभा को कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारिणी नीलम चंद्राकर, धमतरी विधायक ओंकार साहू, सिहावा विधायक अंबिका मरकाम, पूर्व विधायक लेखराम साहू, लक्ष्मी धुव्र, जिला पंचायत सदस्य कविता बाबर, विपिन साहू, आनंद पवार, नीशु चंद्राकर, आलोक जाधव आदि ने संबोधित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता मौजूद थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ