गार्ड ऑफ ऑनर देकर दी गई अंतिम सलामी, नम आंखों से लोगों ने दी श्रद्धांजलि
धमतरी। धमतरी जिले के ग्राम शंकरदाह में मंगलवार को वीर सपूत एवं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान खिलेश कुमार ध्रुव को अश्रुपूरित आंखों से अंतिम विदाई दी गई। ड्यूटी के दौरान असामयिक निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर गृहग्राम पहुंचा, जहां अंतिम दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरे राजकीय सम्मान एवं गार्ड ऑफ ऑनर के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
32 वर्षीय खिलेश कुमार ध्रुव वर्ष 2013-14 से आईटीबीपी में पदस्थ थे। वे हाल ही में छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर क्षेत्र में अपनी ड्यूटी पूरी कर गुवाहाटी (असम) लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उपचार के दौरान रविवार को उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही धमतरी जिले सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
अंतिम संस्कार से पूर्व आईटीबीपी एवं पुलिस के जवानों ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर देकर अपने साथी को अंतिम सलामी दी। इसके बाद राजकीय सम्मान एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस भावुक पल में बारिश के बीच मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम थीं।
परिजनों ने बताया कि खिलेश कुमार ध्रुव अपने सरल, मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ स्वभाव के कारण सभी के प्रिय थे। उन्होंने राष्ट्र सेवा को अपना सर्वोच्च धर्म मानते हुए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उनके असामयिक निधन से परिवार को अपूरणीय क्षति पहुंची है, वहीं पूरे जिले ने एक साहसी, अनुशासित और राष्ट्रभक्त जवान को खो दिया है।
इस अवसर पर शिव चरण नेताम (चाचा) ने कहा कि परिवार को अपने बेटे पर गर्व है, जिसने देश की सेवा करते हुए अपना जीवन समर्पित किया। वहीं ग्रामीण अमृत लाल ध्रुव ने कहा कि खिलेश कुमार ध्रुव गांव के होनहार, मिलनसार और अनुशासित युवा थे। उनका निधन पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है और गांव हमेशा उन्हें गर्व और सम्मान के साथ याद रखेगा।
वीर जवान को अंतिम विदाई देने धमतरी विधायक ओंकार साहू, पंडित राजेश शर्मा, महेंद्र पंडित, मोनिका देवांगन, खूब लाल ध्रुव, राजीव सिन्हा, सरपंच रमी गौतम, उपसरपंच विनोद डिंडोलकर, अर्जुनी थाना प्रभारी चंद्रकांत साहू सहित बड़ी संख्या में सामाजिकजन, ग्रामीण, जनप्रतिनिधि मौजूद थे।






0 टिप्पणियाँ