धमतरी। जिले में लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के कारण कोलयारी–खरेंगा–दोनर मार्ग स्थित सारंगपुरी में निर्माणाधीन पुल पर आवागमन बाधित हो गया, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों की समस्या की जानकारी मिलते ही धमतरी विधायक ओंकार साहू ने निर्माणाधीन पुल स्थल का निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि लगातार बारिश के कारण लोगों का आना-जाना पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
विधायक ओंकार साहू ने संबंधित विभाग के अधिकारियों और निर्माण एजेंसी से दूरभाष के माध्यम से तत्काल चर्चा कर निर्देश दिए कि बरसात के मौसम को देखते हुए आम जनता की सुविधा के लिए शीघ्र वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जाए, ताकि ग्रामीणों का आवागमन सुचारु रूप से जारी रह सके और उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखते हुए कार्य में तेजी लाई जाए तथा सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। विधायक ओंकार साहू ने कहा कि क्षेत्र की जनता की सुविधा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्थिति में आम नागरिकों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। मौके पर सारंगपुरी सरपंच , हरीश चंद्राकर , प्रकाश साहू , पन्ना साहू , धनसिंह साहू , गोपेश यादव, कृष्णा नेताम , धर्मेंद्र पटेल, साथ में बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।





0 टिप्पणियाँ