NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में रायपुर बना ओवरऑल चैंपियन




अतिथियों ने विजेताओं को किया पुरस्कृत


धमतरी जिले में आयोजित चार दिवसीय 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 का रविवार को समापन हुआ। प्रदेशभर से पहुंचे करीब 550 खिलाड़ियों ने कुश्ती और टेबल टेनिस में अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए रायपुर संभाग ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। समापन समारोह में धमतरी विधायक ओंकार साहू, सिहावा विधायक अंबिका मरकाम और महापौर रामू रोहरा बतौर अतिथि शामिल हुए, जिन्होंने विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को शील्ड व पदक प्रदान कर पुरस्कृत किया।


विधायक ओंकार साहू ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन धमतरी के लिए गौरव का विषय है और ऐसे मंच खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने का काम करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत से जिले व प्रदेश का मान बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। सिहावा विधायक अंबिका मरकाम ने कहा कि खेल में जीत के साथ हार भी सीख देती है, खिलाड़ी अपनी कमियों को पहचानकर भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करें। महापौर रामू रोहरा ने सफल आयोजन के लिए सभी समिति सदस्यों और प्रशिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बड़ा अवसर मिलता है।

प्रतियोगिता के कुश्ती मुकाबलों में बिलासपुर, रायपुर और बस्तर का वर्चस्व रहा। फ्रीस्टाइल कुश्ती के अंडर-14 बालक वर्ग में रायपुर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और बिलासपुर तृतीय स्थान पर रहा, जबकि अंडर-14 बालिका वर्ग में बस्तर ने प्रथम, बिलासपुर ने द्वितीय और रायपुर ने तृतीय स्थान पाया। अंडर-17 बालिका वर्ग में बिलासपुर प्रथम, रायपुर द्वितीय और दुर्ग तृतीय रहा, वहीं अंडर-17 बालक वर्ग में भी बिलासपुर ने पहला स्थान हासिल किया, रायपुर दूसरे और बस्तर तीसरे स्थान पर रहा। अंडर-19 बालिका वर्ग में बस्तर प्रथम, रायपुर द्वितीय और दुर्ग तृतीय स्थान पर रहा, जबकि अंडर-19 बालक वर्ग में रायपुर ने प्रथम, दुर्ग ने द्वितीय और सरगुजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।


टेबल टेनिस स्पर्धा में दुर्ग संभाग ने सबसे अधिक तीन वर्गों में जीत दर्ज कर अपनी धाक जमाई। 14 वर्ष बालक वर्ग में बस्तर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और बिलासपुर तृतीय रहा, वहीं 14 वर्ष बालिका वर्ग में बिलासपुर ने प्रथम, रायपुर ने द्वितीय और दुर्ग ने तृतीय स्थान हासिल किया। 17 वर्ष बालक वर्ग में बिलासपुर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और रायपुर तृतीय स्थान पर रहा, जबकि 17 वर्ष बालिका वर्ग में दुर्ग प्रथम, रायपुर द्वितीय और बस्तर तृतीय रहा। 19 वर्ष बालक वर्ग में बिलासपुर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और रायपुर तृतीय स्थान पर रहा, जबकि 19 वर्ष बालिका वर्ग में दुर्ग ने प्रथम, बस्तर ने द्वितीय और रायपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन और चिकित्सा की बेहतर व्यवस्था की गई थी। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य मोनिका देवांगन जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी के अलावा क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि जिले के खेल प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी छात्र छात्राएं उपस्थित है। कार्यक्रम का संचालन  हरीश देवांगन ने किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ