आबकारी आयुक्त की बड़ी कार्यवाही
धमतरी। आबकारी विभाग में लापरवाही और अनियमितताओं के मामलों में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। आबकारी आयुक्त पी एस एल्मा ने बालोद में पदस्थ आबकारी उप निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।साथ ही बालोद की सहायक जिला आबकारी अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया है। यह कार्रवाई शराब की बिक्री और अवैध परिवहन से जुड़े मामलों की जांच में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद की गई है।
53 पेटी शराब जब्ती मामले में कार्रवाई
25 जुलाई को धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र में 53 पेटी अवैध शराब जप्त किया गया था जिसमें विवेचना में सामने आया कि जब्त शराब बालोद जिले की अरकार सरकारी मदिरा दुकान से संबंधित थी। विभागीय जांच में उप निरीक्षकआशा राम शाक्य की लापरवाही पाए जाने पर उन्हें निलंबित कर दुर्ग संभागीय उड़नदस्ता में संबद्ध किया गया है। इसी मामले में मदिरा दुकान के पांच कर्मचारियों को पहले ही निकाल दिया गया है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया था कि उपनिरीक्षक आसाराम के कहने पर ही उन्होंने संबंधित व्यक्ति को शराब की पेटी दी थी।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी पर भी कार्रवाई का प्रस्ताव
इसी प्रकरण में बालोद की सहायक जिला आबकारी अधिकारी निलोफर जैन की भूमिका भी जांच के दायरे में आई। जांच में पाया गया कि वह देशी कंपोजिट मदिरा दुकान, अरकार (जिला बालोद) की प्रभारी एवं मंडल प्रभारी निलोफर जैन थीं। मामले में उनकी प्रशासनिक लापरवाही सामने आने पर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेज दिया गया है।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई को शराब की बिक्री और परिवहन में अनियमितताओं पर सख्ती के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।





0 टिप्पणियाँ