धमतरी। संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे कलश वंदन अभियान के अंतर्गत धमतरी जिले के भोथली मंडल में दो दिवसीय भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, प्रभारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उत्साहपूर्वक शामिल हो रहे हैं।
कलश यात्रा का शुभारंभ ग्राम कानीडबरी से हुआ, जो अमेठी, कलारतराई, बंजारी, परसुली, दर्री, खरेंगा, सारंगपुरी सहित विभिन्न ग्रामों से होकर आगे बढ़ी। यात्रा के दौरान ग्रामीणों एवं जनमानस द्वारा जगह-जगह कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में सहभागिता की, वहीं ग्रामीणों ने फूल-माला, नारियल, पूजा-अर्चना एवं आरती के माध्यम से संत रविदास जी के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान प्रकट किया।
यात्रा के दौरान गांव-गांव में संत शिरोमणि रविदास जी के जीवन, उनके आदर्शों, सामाजिक समरसता, समानता, भक्ति एवं मानव सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया गया। प्रमुख वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता, समानता और भाईचारे के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकता और समरसता की दिशा में प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के पिछड़ा आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद तथा वरिष्ठ भाजपा नेता एवं सहकार भारती छत्तीसगढ़ के मंत्री दयाराम साहू जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों प्रमुख अतिथियों ने संत रविदास जी के जीवन एवं उनके महान विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संत रविदास जी का संदेश किसी एक समाज तक सीमित नहीं, बल्कि संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणादायी है। उनके आदर्शों को आत्मसात कर सामाजिक समरसता और मजबूत राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस अवसर पर भोथली मंडल अध्यक्ष मिस्त्रीलाल पटेल के मार्गदर्शन में तथा कलश वंदन अभियान के संयोजक हीरेंद्र साहू के संयोजन में यात्रा का सफल संचालन किया गया।
यात्रा में गीतेश्वरी निरंजन साहू, पहलाद हिरवानी, शेखनलाल साहू, श्रीमती ममता निषाद, पूर्णिमा, रेणुका साहू, चोखेलाल साहू, पंकज साहू, राजू अग्निवंशी, माधवेंद्र हिरवानी, गोपाल सिन्हा, विष्णु साहू, गौतम साहू, नरेश साहू, निर्मला साहू, धनु जांगड़े, अर्जुन सोनकर, रघु साहू, मनोज साहू, भगवती विश्वकर्मा, योगेश्वर साहू, तुकाराम साहू, राजेंद्र भारती, छत्रपाल डहरे, सोहन चक्रधारी, टीकाराम, रामकुमार यादव, लोकनाथ साहू, चेतन यदु सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
भोथली मंडल में चल रहा यह कलश वंदन अभियान संत रविदास जी के “मन चंगा तो कठौती में गंगा” जैसे लोककल्याणकारी संदेश और सामाजिक समरसता के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।




0 टिप्पणियाँ