कथित शराब घोटाले की जांच में सुबह-सुबह पहुंची टीम, दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड खंगाल रही एजेंसी
धमतरी। शहर में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष एवं नेता रामगोपाल अग्रवाल के धमतरी स्थित निवास पर दबिश दी। कथित छत्तीसगढ़ शराब घोटाले से जुड़े मामले में हुई इस कार्रवाई के बाद शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
जानकारी के मुताबिक, ED की टीम गुरुवार सुबह करीब दो अलग-अलग वाहनों से रामगोपाल अग्रवाल के निवास पहुंची। टीम में सुरक्षा बलों समेत करीब 8 सदस्य शामिल बताए जा रहे हैं। घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था तैनात कर टीम ने अंदर दस्तावेजों, रिकॉर्ड और अन्य जरूरी कागजात की जांच शुरू कर दी है। टीम घर के अंदर विभिन्न दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड को खंगाल रही है। हालांकि, तलाशी के दौरान अब तक क्या-क्या मिला है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ED की ओर से भी फिलहाल इस कार्रवाई को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
कथित शराब घोटाले से जुड़ा मामला
रामगोपाल अग्रवाल का नाम छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाला मामले की जांच में सामने आया है। ED इस मामले में कथित मनी ट्रेल और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, जांच का दायरा शराब के साथ कथित कोल लेवी और कस्टम मिलिंग से जुड़े मामलों तक भी बताया जा रहा है।
पहले से जांच एजेंसी की कार्रवाई के घेरे में
रामगोपाल अग्रवाल को कथित शराब घोटाले से जुड़े मामले में ED द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है। अब धमतरी स्थित उनके निवास पर हुई ताजा कार्रवाई को जांच की अगली कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, तलाशी से बरामदगी या किसी नए निष्कर्ष की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
शहर में बढ़ी हलचल
सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई की खबर फैलते ही धमतरी के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल तेज हो गई। रामगोपाल अग्रवाल के करीबी लोगों में भी इसे लेकर चर्चा बनी हुई है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि ED की तलाशी के बाद जांच एजेंसी की ओर से क्या जानकारी सामने आती है।
फिलहाल ED की कार्रवाई जारी है। दस्तावेजों की जांच पूरी होने और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि टीम को जांच में क्या अहम सुराग या दस्तावेज मिले हैं।




0 टिप्पणियाँ