भूपेंद्र साहू
धमतरी। नेशनल हाईवे 30 पर मरकाटोला घाट के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में मुंबई की महिला बाइक राइडर की जान चली गई। हादसा उस वक्त हुआ जब रायपुर से कांकेर की ओर जा रहे बाइकर्स ग्रुप की एक बाइक को सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी।
मिली जानकारी के अनुसार 12 अगस्त की सुबह रायपुर से 20 बाइक राइडर्स रायपुर से कांकेर की ओर रवाना हुए थे। यात्रा के दौरान धमतरी पार होने के बाद समूह के 17 राइडर्स आगे निकल चुके थे, जबकि 3 लोग थोड़ा पीछे चल रहे थे। इसी बीच मरकाटोला के समीप एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सामने से आ रही एक बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
जैसे सहेली ने पुलिस को बताया
रायपुरा रायपुर निवासी अमिता बैस ने बताया कि रिद्धि ठक्कर उसकी सहेली थी जो बाइक राइडर की सदस्य है। सभी कांकेर जा रहे थे वह, उसकी सहेली और रिद्धि तीनों पीछे थे। तभी मरकाटोला के पास सामने से आ रही ट्रेलर ने रिद्धि ठक्कर 24 वर्ष पिता दिव्येश ठक्कर निवासी कांदिवली (मुंबई वेस्ट) को ठोकर मार दी।हादसे में बाइक सवार युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। वह अपनी बाइक (क्रमांक MH 12 SP 0835) से रायपुर पहुंची थीं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और साथी राइडर्स की मदद से डायल 112 के जरिए गंभीर रूप से घायल रिद्धि को प्राथमिक उपचार के लिए चारामा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत नाजुक होने के कारण उन्हें तत्काल धमतरी के श्री राम अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।






0 टिप्पणियाँ