NEWS UPDATES

6/recent/ticker-posts

Exp date के कीटनाशकों के भंडारण सहित कई अनियमितताएं..भारतीय रासायनिक उद्योग को किया गया सील

 


  उत्पादों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए


धमतरी। खरीफ वर्ष 2026 में किसानों को गुणवत्तापूर्ण, मानक स्तर एवं प्रभावी कृषि आदान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग, धमतरी द्वारा जिले में कीटनाशकों के निर्माण, भंडारण एवं विक्रय की सतत निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में संचालक कृषि के निर्देशानुसार 19 अगस्त को सोरिदभाट स्थित भारतीय रासायनिक उद्योग की कीटनाशक निर्माण इकाई का राज्य एवं जिला स्तरीय निरीक्षण दल द्वारा संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान इकाई में अवसान तिथि के कीटनाशकों का भंडारण, भारत सरकार द्वारा प्रतिबंधित उत्पाद से संबंधित पैकेजिंग सामग्री का पाया जाना तथा विनिर्माण में उपयोग किए जा रहे अन्य उत्पादों के थोक सामग्री संबंधी कंपनी अनुबंध की प्रति उपलब्ध नहीं कराया जाना जैसी अनियमितताएं सामने आईं। इसके अलावा निर्धारित मासिक जानकारी प्रस्तुत नहीं किया जाना तथा प्रयोगशाला संचालन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने की स्थिति भी पाई गई।



।प्रथम दृष्टया उक्त अनियमितताओं को कीटनाशी अधिनियम एवं संबंधित प्रावधानों के विपरीत पाए जाने पर कृषि विभाग द्वारा मेसर्स भारतीय रासायनिक उद्योग, सोरिदभाट, धमतरी के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए विक्रय प्रतिबंध की कार्रवाई तत्काल प्रभाव से की गई तथा इकाई को सील किया गया। साथ ही संस्था में निर्मित कीटनाशी उत्पादों के नमूने एकत्रित कर गुणवत्ता परीक्षण के लिए कीटनाशी गुण नियंत्रण प्रयोगशाला को प्रेषित किए गए हैं। नोटिस के जवाब एवं प्रयोगशाला से प्राप्त परीक्षण परिणामों के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।

कृषि विभाग द्वारा जिले में कीटनाशी विक्रेताओं एवं कृषि आदान प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं मानक कीटनाशी उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार विक्रय प्रतिबंध, लाइसेंस निलंबन अथवा लाइसेंस निरस्तीकरण जैसी कार्रवाई की जाएगी।









एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ